विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन बदमाशों के निशाने पर, एक ही रात में उड़ाया 960 लीटर डीजल... यूं हुआ राजफाश

By Deepak Prajapati Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 13 Nov 2026 04:48 PM (IST)

सहारनपुर के नागल रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन से 960 लीटर डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ ...और पढ़ें

नागल थाना क्षेत्र में ट्रेनों से तेल चोरी करने के आरोपितों के बारे में जानकारी देते एसपी देहात मयंक पाठक। जागरण

नागल थाना क्षेत्र में ट्रेनों से तेल चोरी करने के आरोपितों के बारे में जानकारी देते एसपी देहात मयंक पाठक। जागरण

HighLights

  1. नागल रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से 960 लीटर डीजल चोरी किया।

  2. पुलिस ने डीजल चोरी करने वाले छह आरोपियों को दबोचा।

  3. चोरी का डीजल और वारदात में प्रयुक्त पिकअप बरामद।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। स्टेशन पर खड़ी ट्रेनों को निशाना बनाकर उनके जनरेटर से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का नागल थाना पुलिस ने राजफाश किया है। गिरोह के सदस्य एक ही रात में नागल रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन के जनरेटर से करीब 960 लीटर डीजल चोरी कर पिकअप में भरकर ले जा रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर छह आरोपितों को गुरुवार की रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से चोरी का 960 लीटर डीजल, 23 भरी और तीन खाली कैन तथा वारदात में इस्तेमाल पिकअप बरामद की गई है। पकड़े गए आरोपितों में तीन सहारनपुर और तीन बिहार के मोतीहारी जिले के रहने वाले हैं।

पुलिस लाइन सभागार में एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि 12 नवंबर को नागल थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रेलवे रोड स्थित पुल के पास हाईवे की ओर जा रही एक पिकअप को पुलिस ने रुकवाया। तलाशी लेने पर वाहन में डीजल से भरी प्लास्टिक की कैन मिलीं। पुलिस ने वाहन सवार लोगों से डीजल के दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई वैध कागजात नहीं दिखा सके। सख्ती से पूछताछ करने पर रेलवे की खड़ी ट्रेनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का राजफाश हो गया।

पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 12 नवंबर की रात नागल रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन के जनरेटर से करीब 960 लीटर डीजल चोरी किया था। इसके बाद डीजल को अलग-अलग कैन में भरकर पिकअप से ले जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपित चोरी का डीजल अब्दुल्ला के माध्यम से बेचते थे। इससे उन्हें अच्छा मुनाफा होता था। बरामद पिकअप भी अब्दुल्ला के नाम पर पंजीकृत है। गिरोह के सदस्यों ने पूछताछ में चार-पांच दिन पहले पिलखनी में खड़ी ट्रेन के जनरेटर से करीब 180 लीटर डीजल चोरी करने की बात भी स्वीकार की है।

पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित साथियों और चोरी के डीजल की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार आरोपितों में सरसावा के मुहल्ला निर्धान निवासी अब्दुल्ला व जुलफान, फरमान निवासी मुहल्ला कस्साबान सरसावा,दिलनवाज निवासी हलालपुर कोतवाली देहात तथा बिहार के जिला मधुबन के नया टोला मंगरू बारा निवासी जोगिंद्र साहनी और मोहिहारी जिले के गांव भगवानपुर निवासी अवधेश साहनी शामिल हैं। अब्दुल्ला के खिलाफ सरसावा थाने में वर्ष 2025 में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। फरमान पर वर्ष 2020 और 2026 में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। अन्य आरोपितों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।