मौसम ने रोका राहुल का हेलीकाप्टर, समर्थक मायूस
मौसम की बेरुखी ने कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद को मायूस कर दिया। सुबह धूल गुबार की वजह से राहुल गांधी के हेलीकाप्टर को दिल्ली से उड़ान की अनुमति नहीं मिली। उनके साथ पार्टी की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी को भी आना था लेकिन अंतिम क्षणों में रैली निरस्त करनी पड़ी। गांधी पार्क में बड़ी संख्या में जुटे इमरान
सहारनपुर : मौसम की बेरुखी ने कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद को मायूस कर दिया। सुबह धूल व गुबार की वजह से राहुल गांधी के हेलीकाप्टर को दिल्ली से उड़ान की अनुमति नहीं मिली। उनके साथ पार्टी की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी को भी आना था, लेकिन अंतिम क्षण में रैली निरस्त करनी पड़ी। गांधी पार्क में बड़ी संख्या में जुटे इमरान समर्थकों को मायूस होना पड़ा। बिजनौर एवं शामली में भी प्रत्याशियों की तैयारी धरी रह गई। इमरान ने मंगलवार को प्रियंका का रोड-शो कराने का आश्वासन देकर समर्थकों को ढांढस बंधाया।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में में सभी बड़े दलों की रैलियां हो रही हैं, कितु कांग्रेस की चाल धीमी है। चुनावी तैयारी को धार देने के लिए सोमवार को गांधी पार्क में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की सुबह पौने बारह बजे रैली होनी थी। साढ़े दस बजे के आसपास मौसम अचानक खराब हुआ। धूलभरी आंधी चलने की वजह से हवा में विजिबिलिटी कम हो गई। तय कार्यक्रम के मुताबिक सुबह 11.30 बजे राहुल का हेलीकाप्टर पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उतरना था। सुबह से गांधी पार्क में कांग्रेसी कार्यकर्ता पहुंचने लगे। कुर्सियों पर लोग बैठककर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के पोस्टर लहरा रहे थे। इसी बीच धूलभरी आंधी चलने से पंडाल की व्यवस्था बिगड़ने लगी। इमरान मसूद के समर्थकों की धड़कन बढ़ गई। उन्हें एहसास हो गया कि मौसम खराब होने से हेलीकाप्टर की उड़ान डिस्टर्ब हो सकती है। इमरान मसूद जहां दिल्ली हाईकमान एवं प्रशासनिक अधिकारियों से बात करने के लिए हेलीपैड के इर्द-गिर्द बने रहे, वहीं उनके मैदान में लगाए गए दो मंचों से नेताओं का संबोधन जारी रहा। इसी बीच कार्यक्रम निरस्त होने की चर्चा से कार्यकर्ता लौटने लगे। इसी बीच इमरान मसूद ने मंच पर पहुंचकर संक्षिप्त संबोधन दिया। उधर, बिजनौर में प्रत्याशी नसीमुद्दीन और शामली में प्रत्याशी हरेंद्र मलिक के समर्थन में राहुल की सभा होनी थी, लेकिन हेलीकाप्टर उड़ान की मनाही से समर्थकों को मायूस लौटना पड़ा।