पुलिस ने बरती सख्ती, कर्फ्यू सा दिखा नजारा
पुलिस प्रशासन की सख्ती के चलते बृहस्पतिवार को सड़कें सूनी नजर आई। लॉकडाउन लागू होने के बाद पहली बार कर्फ्यू सा नजारा दिखाई दिया।
सहारनपुर जेएनएन। पुलिस प्रशासन की सख्ती के चलते गुरुवार को सड़कें सूनी नजर आई। लॉकडाउन लागू होने के बाद पहली बार कर्फ्यू सा नजारा दिखाई दिया। बुधवार को बैठक के बाद अधिकारियों ने लॉकडाउन का कड़ाई से पालन कराने का निर्णय लिया था। गुरुवार को सुबह पुलिस नए तेवर में नजर आई। डयूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को पूरी तरह जानकारी न होने के कारण मोहल्ले में बेचने जा रहे सब्जी विक्रेताओं को भी शिव चौक से लौटा दिया गया। अनाज मंडी को मुक्त रखा गया था। यहां जाने के लिए रास्ता बाइपास से होकर जाएगा। इसके बावजूद मंडी में आवक कम रही। बताया गया था कि परचून, दवा, दूध आदि आवश्यक वस्तुओं की होम डिलीवरी जारी रहेगी। पुलिस की पाबंदी का असर यह हुआ कि बेवजह सड़क पर घूमने वालों पर लगाम लगी रही। नानौता चौक, मेटाडोर स्टैंड चौक व बिजली घर के पास अखबार बांटने गए हॉकरों को भी परेशान होना पड़ा। यहां मौजूद कर्मियों द्वारा इनको रोकने की कोशिश की गई। पुलिस का मनोबल बढ़ाने के लिए एसडीएम पूरण सिंह राणा व सीओ अजेय शर्मा गश्त करते रहे।