विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इंतजार की घड़ियां खत्म! पीएम मोदी करेंगे Delhi-Dehradun Greenfield Highway का उद्घाटन, संभावित तारीख आई सामने

By Manish Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 03 Apr 2026 06:21 PM (IST)

Delhi-Dehradun Greenfield Highway : प्रधानमंत्री दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे का उद्घाटन करेंगे। उनके प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर सहारनपुर के गणेशपुर में हेलीपैड निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।

Delhi-Dehradun Greenfield Highway (File Photo)

Delhi-Dehradun Greenfield Highway (File Photo)

HighLights

  1. गणेशपुर में हेलीपैड निर्माण का कार्य तेजी से जारी।

  2. अधिकारियों ने किया निरीक्षण, अधीनस्थों को किया निर्देशित।

जागरण संवाददता, सहारनपुर। दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे (Delhi-Dehradun Greenfield Highway) का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 अप्रैल को कर सकते हैं। उनके प्रस्तावित आगमन के मद्देनजर बिहारीगढ़ में गणेशपुर के निकट हेलीपैड बनाने के काम में तेजी आई है। एनएचएआइ और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने हेलीपैड स्थल और हाईवे का का दौरा किया।
इसी के साथ टोल और हाईवे के कई स्थानों पर कैमरे लगाने का काम जारी है। विद्युत कनेक्शन के लिए भी आवश्यक कामकाज शुरू हुआ है। 12 किमी एलीवेटिड रोड राजाजी नेशनल पार्क की रमणनीय वादियों से होकर गुजरता है। 

शुक्रवार की दोपहर डीएम मनीष बंसल, एसएसपी अभिनन्दन, मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, एसपी सिटी व्योम बिंदल, एसपी देहात सागर जैन काफिले सहित गणेशपुर स्थित हेलीपैड निर्माण स्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने दिल्ली से पहुंची एनएचएआइ की टीम से करीब तीस मिनट तक तैयारियों को लेकर बातचीत की। बाद में टीम देहरादून निकल गई।

इसके बाद डीएम मनीष बंसल ने हेलीपैड के आसपास कई किमी तक पैदल भौगोलिक स्थिति का जायजा लिया। हाईवे से हेलीपैड तक सड़क निर्माण व दूसरी ओर से पहुंचने वाले कच्चे मार्ग पर खडंजा तत्काल प्रभाव से लगवाने के निर्देश दिये।


इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता धर्मेन्द्र कुमार को डाट मंदिर के निकट भी सड़क बनवाने के निर्देश दिए। डीएम मनीष बंसल ने एसडीएम बेहट से चर्चा कर हेलीपैड के आसपास से सभी बिजली के पोल और अतिक्रमण हटवाने के लिये राजस्व विभाग की टीम लगाने के निर्देश दिए। डीएम अन्य अधिकारियों के साथ शाम करीब पांच बजे तक मौजूद रहे।

सहारनपुर में हाईवे की लंबाई 74 किमी

जिले में दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे की लंबाई 74 किमी है। हाईवे पर डाटकाली मंदिर के पास 26 करोड़ की लागत से 1.3 किमी लंबा वायाडक्ट(ऊंचा पुल)भी बनकर तैयार है। यह वायाडक्ट उत्तराखंड में प्रवेश करने वाली सुरंग से पहले बनाया गया है। डाट काली मंदिर उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड की सीमा पर स्थित प्रमुख मंदिर माना जाता है।

मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए यहां ऊंचे पुल का निर्माण करने का निर्णय लिया गया था। इसके अलावा हाईवे पर 12 किमी लंबा एशिया का सबसे बड़ा वाइल्डलाइफ कारिडोर भी बनाया गया है। मानसून के दौरान देहरादून क्षेत्र में बरसाती नदियों में आई भयंकर बाढ़ को देखते हुए एलिवेटेड रोड के 575 पिलरों में से तेज धारा में आने वाले लगभग 24 पिलर्स की डेढ से दो फीट मोटाई बढाकर और मजबूती दी गई है।

Delhi-Dehradun Greenfield Highway 1

AI निर्मित

एलिवेटेड सेक्शन पूरी तरह तैयार

दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे पर डाटकाली मंदिर से गणेशपुर तक 12 किमी लंबा एलिवेटेड सेक्शन तैयार है। यह हिस्सा पहाड़ी बरसाती नदी के ऊपर बनाया गया है। इस एलिवेटेड रोड पर 28 दिसंबर से वाहनों का संचालन हो रहा है। यह एशिया का सबसे लंबा इको-कारिडोर बताया जा रहा है। एलीवेटेड कारिडोर राजाजी नेशनल पार्क की रमणीय वादियों से होकर गुजरता है।

इसके अलावा छह एनिमल अंडरपास, दो हाथी अंडरपास, 113 अंडरपास, 76 किमी सर्विस रोड, 62 बस शेल्टर, 16 प्रवेश और निकास द्वार, पांच रेलवे ओवरब्रिज हैं। इसके साथ ही डाट काली मंदिर के पास 1995 करोड़ की लागत से 340 मीटर लंबी तीन लेन सुरंग भी शामिल है जिसकी चौड़ाई 11 मीटर व ऊंचाई सात मीटर रखी गई है।

डाट काली मंदिर में दर्शनों के लिए पहुंच सकते हैं प्रधानमंत्री 

डाट काली मंदिर तक जाने वाले मार्ग तथा रेलिंग आदि पर भी साफ सफाई का कार्य किया जा रहा है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री अपने आगमन के दौरान डाट काली मंदिर में दर्शनों के लिए पहुंच सकते हैं।

यह भी पढ़ें- Delhi-Dehradun Greenfield Highway पर प्रकाश व्यवस्था ठीक न होने से उद्घाटन में देरी, NHAI को PMO के संदेश की प्रतीक्षा