रुद्राक्ष के एक हजार पौधों का वितरण करेगा शोभित विवि
शोभित विश्वविद्यालय सहारनपुर जनपद में रुद्राक्ष के एक हजार पौधो का रोपण करेगा। महामंडलेश्वर मार्तडपुरी ने गंगोह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और कोतवाली में मंगलवार को इस अभियान की शुरुआत की गई।
सहारनपुर, जेएनएन। शोभित विश्वविद्यालय सहारनपुर जनपद में रुद्राक्ष के एक हजार पौधो का रोपण करेगा। महामंडलेश्वर मार्तडपुरी ने गंगोह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और कोतवाली में मंगलवार को इस अभियान की शुरुआत की गई।
विश्वविद्यालय के अध्यात्म, अध्ययन एवं शोध केंद्र के अध्यक्ष एवं मानद प्रोफेसर महामंडलेश्वर मार्तडपुरी ने बताया कि वृक्षारोपण के पहले चरण में गंगोह स्थित शिक्षण संस्थानों, प्रशासनिक कार्यालयों, धार्मिक केंद्रों सहित कई स्थानों पर रुद्राक्ष के पौधों का रोपण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रुद्राक्ष के पौधे के रोपण का प्रतिशत भारत में विश्व की तुलना मे केवल सात प्रतिशत है। भारत में रुद्राक्ष की प्रजातियां लुप्त हो रही है। उन्होने बताया कि वह पिछले 15 वर्षो से अधिक समय से पूरे भारत में रुद्राक्ष के पौधे रोपे गए हैं। भारत के विभिन्न क्षेत्रों में पच्चीस लाख से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है। जो पूर्णतया वृक्ष बन चुके हैं और फल प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विवि के वैज्ञानिकों ने रुद्राक्ष वृक्ष के सभी अंगो पर अत्यंत गहराई के साथ शोध किया है। रुद्राक्ष का फल, पत्तियां, छाल, जड़ सभी मानव के लिए औषधीय गुण से भरपूर हैं। पर्यावरण को आक्सीजन के साथ नकारात्मकता से दूर करने मे सहायक है। महामंडलेश्वर मार्तडपुरी ने यह भी बताया कि रुद्राक्ष रोपण अभियान के तहत शोभित विश्वविद्यालय परिसर में एक साथ एक सौ आठ रुद्राक्ष के पौधे का रोपण कर रूद्रवन की स्थापना की जाएगी।