जेब कतरे ने काटा थैला, नकदी की जगह मिली रोटियां
गंगोह में मंगलवार की रात जेब कतरों ने एक अध्यापक का थैला काट लिया। हुआ यूं कि एक अध्यापक मंगलवार की रात बाजार को होकर जा रहे थे तथा उनके हाथ में एक थैला भी था।
सहारनपुर, जेएनएन। गंगोह में मंगलवार की रात जेब कतरों ने एक अध्यापक का थैला काट लिया। हुआ यूं कि एक अध्यापक मंगलवार की रात बाजार को होकर जा रहे थे, तथा उनके हाथ में एक थैला भी था। जिस समय वह जवाहर गंज स्थित बड़ा शिवालय के सामने पहुंचे तो एक दूल्हा मंदिर में माथा झुकाने आया हुआ था, जिसके साथ आए कुछ लोग बाहर ही खड़े थे। अध्यापक उनमें से किसी परिचित से बात करने लगे तो किसी जेब कतरे ने उनका थैला काट लिया। आगे चलकर जब उन्होने थैला देखा तो उन्हें जेब कतरे पर ही तरस आ गया। दरअसल वह थैले में खाना लेकर जा रहे थे जिसे जेबकतरे ने शायद नोट समझ लिया। सपा जिलाध्यक्ष ने दी सांत्वना
गंगोह : ग्राम झाड़वन में इसरार अंसारी के पुत्र अयान की हत्या के बाद समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चौधरी रुद्रसेन मृतक अयान के घर सांत्वना देने पहुंचे। मृतक के परिवार के बीच पहुंचकर उनका दुख दर्द साझा किया और कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो इसके लिए वह भरसक प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से हमारे बच्चे हमारी माताएं बहने सुरक्षित नहीं है। इससे पूर्व सोमवार को कैराना विधायक नाहिद हसन व पूर्व चेयरमेन नोमान मसूद भी सांत्वना देने पहुंचे थे। बुधवार को बालक को गमगीन माहौल में दफना दिया गया। अभी तक बालक के हत्यारों का पता नहीं लग सका है।
लव जिहाद को लेकर बनाए गए कानून का किया स्वागत
देवबंद: बजरंग दल के प्रांत संयोजक विकास त्यागी ने प्रदेश की योगी सरकार द्वारा लव जिहाद पर बनाए गए कानून का स्वागत किया है।
बुधवार को जारी बयान में विकास त्यागी ने कहा कि बजरंग दल बहुत लंबे समय से इस कानून को बनाने की मांग कर रहा था। जो प्रदेश सरकार ने अब पूरी की है। त्यागी ने कहा की ऐसा ही कानून केंद्र सरकार को भी बनाना चाहिए जो देश भर में लागू हो सके। क्योंकि देश में लव जेहाद व धर्मातरण के लिए विदेशों से बहुत बड़ी फंडिंग हो रही है। उन्होंने ने कहा की लव जिहाद निश्चित रूप से सभ्य समाज के लिए एक कलंक है। इससे समाज का ताना-बाना न सिर्फ टूटता है बल्कि सामाजिक सद्भाव बिगड़ता है। इस कानून को बनाने से बहुत हद तक ऐसे मामलो पर अंकुश लगेगा।
वहीं भाजपा की जिला पंचायत सदस्य शशि त्यागी ने कहा कि लव जिहाद पर कानून बनने के बाद उत्तर प्रदेश में संप्रदायिक विवादों पर भी रोक लग सकेगी। उन्होंने कहा केंद्र की मोदी सरकार को राष्ट्रीय स्तर पर लव जिहाद पर सख्त कानून बनाना चाहिए।