ओवैसी को 'गार्ड ऑफ ऑनर' का वायरल वीडियो के मामले में सहारनपुर पुलिस का एक्शन; 19 वीडियो हटाने के लिए X को भेजी चिट्ठी
सहारनपुर पुलिस ने सांसद असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने के प्रसारित वीडियो को हटाने के लिए एक्स (पूर्व में ट्विटर) को पत्र भेजा है। पुलिस का कहना है कि ये वीडियो उनकी छवि धूमिल कर रहे हैं, जिसके चलते 19 एक्स अकाउंट्स से पोस्ट हटाने का अनुरोध किया गया है।

सहारनपुर के सर्किट हाउस में सांसद असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर देते पुलिस कर्मी। वीडियो ग्रैब
HighLights
सहारनपुर पुलिस की छवि धूमिल होने का हवाला देकर संबंधित पोस्ट हटाने का अनुरोध।
गत 21 नवबंर को सांसद असदुद्दीन ओवैसी सहारनपुर के सर्किट हाउस पहुंचे थे।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। गत 21 नवबंर को सांसद असदुद्दीन ओवैसी सहारनपुर के सर्किट हाउस पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें पुलिस की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने का वीडियो वायरल हुआ था। यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर भी पोस्ट किए गए।
अब जिला पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर वायरल पोस्ट हटवाने की मांग की है। इस संबंध में एक्स कार्प के सुरक्षा एवं कानूनी नीति विभाग को पत्र भेजकर संबंधित अकाउंट्स की पोस्ट हटाने का अनुरोध किया गया है। करीब 19 एक्स अकाउंट की सूची एक्स को भेजी गई है।
क्राइम ब्रांच के साइबर क्राइम सेल में मामले की जांच कर रहे विवेचक सुरेंद्र कुमार की तरफ से एक्स को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि संज्ञान में आया कि कुछ एक्स अकाउंट धारक एक वीडियो प्रसारित कर रहे हैं। वीडियो में दिखाया गया है कि सहारनपुर पुलिस ने गलती से सांसद असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया। पत्र में कहा गया है कि इस वीडियो के प्रसार से सहारनपुर पुलिस की छवि धूमिल हो रही है।
इसी आधार पर एक्स कार्प से संबंधित अकाउंट्स द्वारा साझा किए गए लिंक और उनसे जुड़ी पोस्ट को हटाने का अनुरोध किया गया है। पत्र में एक्स कार्प के सुरक्षा एवं कानूनी नीति विभाग को संबोधित करते हुए अमेरिका के टेक्सास स्थित कंपनी के कार्यालय का पता भी दर्ज किया गया है। इसमें सहारनपुर पुलिस की ओर से मामले का उल्लेख करते हुए सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही सामग्री के संबंध में कार्रवाई की अपेक्षा जताई गई है।
साइबर सेल के विवेचक सुरेंद्र कुमार की तरफ से 19 एक्स अकाउंट की सूची भी भेजी गई है। एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि विवेचक सुरेंद्र कुमार की तरफ से पत्र भेजकर इन वीडियो को हटाने की मांग की गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।