विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नकली नोट मामले में NIA की बड़ी कार्रवाई, सहारनपुर के युवक को रुड़की से हिरासत में लिया

Published: Sun, 20 Sep 2026 07:48 AM (IST)

राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने रुड़की में नकली नोटों से जुड़े मामले में एक युवक को हिरासत में लिया है। यह ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. एनआईए ने रुड़की में नकली नोट मामले में युवक को पकड़ा।

  2. हिरासत में लिया गया युवक सहारनपुर का निवासी है।

  3. वह पहले गिरफ्तार आरोपियों के लगातार संपर्क में था।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। नकली नोटों से जुड़े मामले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी एनआईए ने शनिवार को रुड़की में कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में लिया। हिरासत में लिया गया युवक सहारनपुर का निवासी बताया जा रहा है और वह अपने एक रिश्तेदार के घर रुड़की के गणेशपुर सेक्टर रोड में गया था।

बताया जा रहा है कि हिरासत में लिया गया युवक इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए करंसी चेस्ट प्रबंधक अमित कुमार और करंसी चेस्ट के संविदा चालक आदेश चौधरी के लगातार संपर्क में था। एजेंसी युवक से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।

घंटाघर सोफिया मार्केट में पीएनबी की करेंसी चेस्ट में मिले 17 करोड़ 29 लख रुपए के नकली नोट मामले में एनआईए की टीम जांच कर रही है। टीम को जांच के लिए रिजर्व पुलिस लाइन में कार्यालय भी उपलब्ध कराया गया है। शनिवार की सुबह करीब 11 बजे एनआईए की टीम रुड़की के गणेशपुर सेक्टर रोड पहुंची।

एनआईए ने शुरू की पूछताछ

इस दौरान टीम ने गंगनहर पुलिस को भी साथ लिया था। बताया जा रहा है कि हिरासत में लिया गया युवक अपने रिश्तेदार के घर गया हुआ था युवक के वहां पहुंचते ही नैया की टीम भी पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गई। कार्रवाई के दौरान आसपास के क्षेत्र में भी पुलिस की मौजूदगी रही। अचानक हुई इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में भी चर्चा का माहौल बन गया।

सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी को युवक के मोबाइल फोन से अमित कुमार और आदेश के साथ लगातार बातचीत किए जाने की जानकारी मिली थी। इसी आधार पर एनआईए की टीम ने युवक को जांच के दायरे में लिया। एजेंसी अब मोबाइल फोन पर हुई बातचीत, संपर्क में रहने की वजह और दोनों आरोपितो से युवक के संबंधों को लेकर जानकारी जुटा रही है।

नकली भारतीय मुद्रा से जुड़े इस मामले में जांच एजेंसी पहले ही करंसी चेस्ट प्रबंधक अमित कुमार को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच के दौरान सामने आए संपर्कों और लेन-देन की कड़ियों को जोड़ने के लिए एनआईए अलग-अलग लोगों से पूछताछ कर रही है।

शनिवार की कार्रवाई को भी इसी जांच की अगली कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि हिरासत में लिए गए युवक से उसके मोबाइल फोन, अमित कुमार और आदेश से संपर्क तथा मामले से संबंधित किसी अन्य गतिविधि के बारे में पूछताछ की जा रही है।

युवक सहारनपुर के किसी गांव का रहने वाला है। एनआईए जांच आगे बढ़ने के साथ नकली नोटों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की संभावना है। फिलहाल एजेंसी हिरासत में लिए गए युवक को सहारनपुर लाकर उससे पूछताछ कर रही है और उसके संपर्कों तथा मोबाइल रिकॉर्ड के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

यह भी पढ़ें- PNG कनेक्शन वाले घरों को नहीं मि‍लेगी LPG, सहारनपुर में तीन महीने के नोटिस के बाद रिफिल बंद करने की कार्रवाई शुरू