17 करोड़ के नकली नोटों के मामले में नया अपडेट: PNB करेंसी चेस्ट से जुड़े संविदा ड्राइवर को NIA ने किया गिरफ्तार
Saharanpur News: एनआईए ने पंजाब नेशनल बैंक की सहारनपुर करेंसी चेस्ट में 17 करोड़ 29 लाख रुपये के नकली नोटों ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
सहारनपुर करेंसी चेस्ट में 17 करोड़ 29 लाख के नकली नोटों का मामला।
जांच एजेंसी अन्य संदिग्धों की भूमिका भी खंगाल रही है।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की घंटाघर के पास स्थित सोफिया मार्केट की करेंसी चेस्ट में 17 करोड़ 29 लाख रुपये के नकली नोटों की जांच कर रही एनआइए ने संविदा ड्राइवर आदेश चौधरी को गिरफ्तार किया है। वह गंगोह रोड स्थित न्यू नंदपुरी कालोनी, थाना कुतुबशेर क्षेत्र के मानकमऊ का रहने वाला है।
एनआइए के मुताबिक आदेश चौधरी पीएनबी की करेंसी चेस्ट में संविदा पर ड्राइवर के तौर पर काम करता था। इससे पहले एजेंसी ने सात सितंबर को इस मामले में एफआइआर में नामजद आरोपित व निलंबित जगाधरी करेंसी चेस्ट प्रबंधक अमित कुमार को गिरफ्तार किया था। जबकि अभी दो अन्य आरोपित निलंबित मंडल प्रबंधक रवि कांसे व चेस्ट प्रबंधक सुशील कुमार इस मामले में फरार चल रहे हैं।
आदेश चौधरी की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी करेंसी चेस्ट से जुड़े अन्य कर्मचारियों और संदिग्धों की भूमिका भी खंगाल रही है। एनआइए ने सात सितंबर को आदेश चौधरी के न्यूनंदपुरी में स्थित कई मकान, प्लाट व चल-अचल संपत्ति की जांच की थी।
यह था मामला
पीएनबी मेरठ के मुख्य प्रबंधक अरुण कुमार चौबे की शिकायत पर सदर बाजार पुलिस ने करेंसी चेस्ट में 17 करोड़ 29 लाख रुपये के नकली नोट मिलने का मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में जब पुलिस ने जांच शुरू की थी तो तीन बैंक कर्मचारियों की भूमिका इसमें सामने आई थी। जिसके बाद तीनों कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया था।
यह भी पढ़ें- 17.29 करोड़ के नकली करेंसी मामले में NIA को बड़ी कामयाबी, मुख्य आरोपित PNB का निलंबित चेस्ट मैनेजर गिरफ्तार
एनआइए के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है। एजेंसी का फोकस पूरी साजिश का राजफाश करने के साथ-साथ शेष सह-आरोपियों और संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी पर है। जांच एजेंसी यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जाली नोटों की इतनी बड़ी खेप करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंची और इस पूरे नेटवर्क में किन लोगों की भूमिका थी।
