यूपी के सहारनपुर में गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल, चार पीढ़ियों से रावण के पुतले बना रहा खुर्शीद का परिवार
नानौता में 1927 से चली आ रही रामलीला की परंपरा में इस वर्ष भी मुस्लिम कारीगर खुर्शीद अहमद भारती और ...और पढ़ें

HighLights
नानौता रामलीला में मुस्लिम कारीगरों ने बनाए रावण के पुतले।
खुर्शीद अहमद भारती का परिवार चार पीढ़ियों से कर रहा यह काम।
यह आयोजन क्षेत्र की गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक है।
शमीम मंसूरी, नानौता। कस्बे में श्री रामलीला कमेटी के तत्वावधान में 1927 से चली आ रही रामलीला की परंपरा इस वर्ष भी उत्साह के साथ जारी है। इस बार भी रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के विशाल पुतले मुस्लिम कारीगर खुर्शीद अहमद भारती और उनकी टीम ने तैयार किए हैं।
गंगा-यमुना की तहजीब और सांप्रदायिक सौहार्द के लिए पहचाने जाने वाले इस क्षेत्र में होली, दीपावली और ईद जैसे त्योहार सभी समुदाय मिलकर मनाते हैं। विभिन्न घटनाओं के बावजूद नानौता में आपसी सौहार्द की परंपरा कायम रही है।
चार पीढ़ियों से पुतले बना रहे
जनपद शामली के चरथावल निवासी खुर्शीद अहमद भारती, उनके भाई रिजवान भारती और आसिफ, रिहान, मो. कैफ, मो. चांद, मो. जैद, मुजम्मिल, तोहिद व सरफराज सहित कारीगरों की टीम ने इस बार रावण का 36 फुट, कुंभकर्ण का 35 फुट और मेघनाथ का 29 फुट ऊंचा पुतला बनाया है।
टीम नानौता के अलावा हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड के कस्बों व शहरों में भी पुतले बना चुकी है। सहारनपुर के गांधी पार्क और शामली व मुजफ्फरनगर जनपदों के विभिन्न कस्बों में भी इनके बनाए पुतले लगाए गए हैं।

खुर्शीद भारती के अनुसार, उनके परिवार में यह कला चार पीढ़ियों से चली आ रही है। परदादा रहीमु और करीम, दादा अब्दुल करीम तथा पिता रशीद और हबीब अहमद से शुरू हुआ यह काम 100 वर्षों से अधिक समय से जारी है।
पुतले बनाने में 15 से 20 दिन लगते हैं। इनमें 10 कोड़ी (लगभग दो क्विंटल) बांस, 80 से 100 किलो अखबार की रद्दी और 90 से 100 किलो सुतली इस्तेमाल होती है। पुतलों में पटाखे और बम लगाए जाते हैं। इस काम में आधा दर्जन से अधिक कारीगर जुटते हैं। खुर्शीद ने बताया कि इस कला से उन्हें आय होती है और उनकी पारिवारिक परंपरा भी जीवित रहती है।
सभी वर्गों का सहयोग
कमेटी के महासंरक्षक योगेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि नानौता में जाति और धर्म की दीवार नहीं है तथा सभी वर्गों के लोग त्योहारों में शामिल होते हैं। अध्यक्ष मुकेश पाराशर, प्रबंधक पुष्पेंद्र कुमार भटनागर, स्टेज डायरेक्टर रमेश चंद गुप्ता सहित कमेटी पदाधिकारियों ने बताया कि पुतलों का दहन 20 अक्टूबर को किसान सेवक इंटर कालेज के क्रीड़ा स्थल पर होगा।
-1792396505617.webp)
दशहरा समारोह का उद्घाटन एसएमसी दूध फैक्ट्री के मालिक सुभाष अग्रवाल के प्रतिनिधि नवनीत शर्मा और वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी रोबिन जैन संयुक्त रूप से करेंगे। यह आयोजन धार्मिक उत्सव के साथ क्षेत्र की एकता और सौहार्द का भी प्रतीक है।
