विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दशहरा पर मेरठ में 32 स्थानों पर होगा रावण दहन, पुख्ता किए गए सुरक्षा के इंतजाम 

By Lokesh Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 19 Oct 2026 11:52 AM (IST)

Meerut News: जिले में 32 स्थानों पर रावण दहन होगा, जिसके लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिसमें पुलिस और अर्द्धसैनिक बल तैनात रहेंगे।

प्रतीकात्‍मक फोटो

प्रतीकात्‍मक फोटो

HighLights

  1. डीआईजी-एसएसपी ने दशहरा पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। 

  2. संवेदनशील स्थानों पर पुलिस, अर्द्धसैनिक बल तैनात।

जागरण संवाददाता, मेरठ। विजयदशमी पर्व पर मंगलवार को सुरक्षा व्यवस्था की डीआइजी व एसएसपी ने समीक्षा की। जिले में 32 स्थानों पर रावण दहन होगा। सुरक्षा बंदोबस्त के पुख्ता इंतजाम किए गए है। संदिग्ध लोगों व वाहनों की जांच के अलावा संवेदनशील स्थानों पर पुलिस के साथ ही अर्द्ध सैनिक बल तैनात किया गया है।

डीआइजी कलानिधि नैथानी व एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने सभी एसपी, सीओ व थाना प्रभारियों को आदेश दिए कि वह अपने क्षेत्र के सुरक्षा बंदोबस्त की समीक्षा कर लें। खुफिया विभाग को भी हर स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है। चिंहित किए गए 36 संवेदनशील स्थानों पर किए गए बंदोबस्त की उन्होंने समीक्षा की।

डीआइजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी ने अधिकारियों को रामलीला स्थलों, प्रतिमा विसर्जन स्थलों और रावण दहन के स्थानों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। रावण दहन स्थलों पर बैरिकेडिंग और अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम करने व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लोगों के दबाव को देखते हुए व्यापक पुलिस बल तैनात किया जाए। 

संवेदनशील इलाकों में पुलिस पिकेट लगाकर नियमित गश्त और फ्लैग मार्च किया जाए। सीसीटीवी कैमरों व ड्रोन से निगरानी ऐसे स्थानों की निगरानी की जाए। यातायात सुचारु रखा जाए। पार्किंग व बाजारों में खड़े वाहनों की औचक जांच की जाए। इंटरनेट मीडिया की निगरानी की जाए। अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

एसपी सिटी ने मां मनसा देवी मंदिर का किया निरीक्षण

मेरठ : दुर्गा अष्टमी के अवसर पर रविवार को एसपी सिटी विनायक भोसले ने प्रचीन मां मनसा देवी मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस अवसर पर एसपी सिटी ने संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर पूछताछ की। शारदीय नवरात्रि के उपलक्ष्य में दुर्गा अष्टमी के दिन प्राचीन मां मनसा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। एसपी सिटी विनायक भोसले ने मां मनसा देवी मंदिर का निरीक्षण कर वहां तैनात पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरुरी दिशा निर्देश दिए।

इसके साथ ही मंदिर के आसपास संदिग्ध दिखने वाले लोगों की तलाशी ली गई और उनके पूछताछ की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने, मंदिर परिसर व आसपास क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने के आदेश दिए। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ को सुव्यवस्थित रखने, प्रवेश व निकास द्वार पर आवागमन सुनिश्चित करने, महिलाओं, बच्चों व बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।