कांग्रेस MP इमरान मसूद के बयान से क्रिकेट में 'मजहब' की एंट्री! बोले- नाम सिराज है, इसीलिए नहीं मिली टीम में जगह
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने क्रिकेटर मोहम्मद सिराज को टीम में जगह न मिलने को धार्मिक भेदभाव बताया है। उनके इस बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे खेलों को धर्म से जोड़ने की गलत कोशिश बताया।

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और क्रिकेटर मोहम्मद सिराज। फाइल फोटो
HighLights
क्रिकेटर सिराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच से बाहर किए जाने पर कांग्रेस सांसद ने उठाए सवाल।
भाजपा नेता ने मसूद के बयान की कड़ी निंदा की, कहा खेलों को धर्म और राजनीति से जोड़ना गलत।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के क्रिकेटर मोहम्मद सिराज को टीम में जगह न मिलने की वजह उसके मुस्लिम होने काे बताया है। टीम में चयन की प्रक्रिया को भेदभाव पूर्ण बताते हुए कांग्रेस सांसद ने इसे अन्याय बताया। मामले को धार्मिक रंग दिए जाने का आरोप लगाते हुए भाजपा ने इसपर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद अपने बयान को लेकर फिर चर्चा में हैं। शुक्रवार को प्रसारित वीडियो में इमरान मसूद ने कहा कि मोहम्मद सिराज को टीम में जगह नहीं मिलना धार्मिक भेदभाव से जुड़ा है। इस बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस सांसद ने कहा कि सुनील गावस्कर ने भी सिराज के साथ भेदभाव किए जाने की बात कही है।
अच्छी परफार्मेंस के बावजूद मोहम्मद सिराज को टीम में मौका नहीं दिया जा रहा है। यह सब इसलिए हो रहा है, क्योंकि उसका नाम सिराज है। उन्होंने आरोप लगाया कि जबसे गौतम गंभीर टीम इंडिया के कोच बने हैं, तभी से ऐसा हो रहा है। किसी के साथ भी अन्याय होगा तो हम बोलेंगे।
वहीं इमरान के बयान को लेकर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई ने कहा कि देश के सभी खिलाड़ियों का हर देशवासी सम्मान करता है। खेलों को धर्म और राजनीति से जोड़ना गलत है।
टीम में खिलाड़ियों का चयन उनके प्रदर्शन, फिटनेस, टीम की जरूरत के हिसाब से तथा चयनकर्ताओं के सामूहिक फैसले के आधार पर होता है। ऐसे में किसी खिलाड़ी को टीम में जगह नहीं मिलने को धार्मिक भेदभाव बताना इमरान मसूद की सोच को दर्शाता है। कांग्रेस सत्ता में रहने के दौरान ऐसा भेदभाव करती रही है।