बाजार रहे बंद, सड़कों पर आवाजाही
दो दिवसीय लॉकडाउन के दूसरे दिन रविवार को पुलिस ने जगह-जगह अभियान चलाकर चेंकिग की। सड़कों पर बिना वजह घूम रहे वाहन चालकों के चालान काटे गए। आवश्यक सेवाओं को लॉकडाउन से मुक्त रखा गया था। प्रमुख बाजारों और मार्गों पर सन्नाटा पसरा रहा। बाजारों में पूरी तरह सन्नाटा रहा मगर आवाजाही बंद नहीं हुई।
सहारनपुर, जेएनएन। दो दिवसीय लॉकडाउन के दूसरे दिन रविवार को पुलिस ने जगह-जगह अभियान चलाकर चेंकिग की। सड़कों पर बिना वजह घूम रहे वाहन चालकों के चालान काटे गए। आवश्यक सेवाओं को लॉकडाउन से मुक्त रखा गया था। प्रमुख बाजारों और मार्गों पर सन्नाटा पसरा रहा। बाजारों में पूरी तरह सन्नाटा रहा, मगर आवाजाही बंद नहीं हुई।
रविवार को महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने सख्ती बरती। आवश्यक सेवाओं को लॉकडाउन से मुक्त रखा गया था। सब्जी मंडी में ग्राहकों की आमद बेहद कम रही। पुलिस के चालान काटने के डर के चलते ग्राहक मंडी नहीं पहुंचे। मेडिकल स्टोर व डेयरी की दुकानें खुली रही। कोर्ट रोड, दिल्ली रोड, हकीकत नगर, बाजोरिया रोड, देहरादून रोड, घंटाघर, सोफिया मार्केट, अंबाला रोड, जीपी रोड, गुरुद्वारा रोड, भगत सिंह मार्ग, नेहरू मार्केट, प्रताप मार्केट, शहीद गंज, चकरोता रोड, चिलकाना रोड, रायवाला, पुरानी मंडी, गंगोह रोड, नुमाइश कैंप, बेहट रोड, बेरीबाग आदि क्षेत्रों में पुलिस सक्रिय रही। दोपहिया वाहनों पर बिना कारण घूमते मिले लोगों के चालान काटे गए।