2 लाख छात्र, 4 साल और 160 करोड़ की फीस का यूनिवर्सिटी के पास हिसाब नहीं! MSU के ऑडिट में सामने आया यह मामला
मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय सहारनपुर के पास पिछले चार साल में छात्रों द्वारा जमा की गई फीस का विवरण नहीं है। स्थानीय निधि लेखा परीक्षा विभाग के अनुसार, लगभग 160 करोड़ रुपये की फीस का कोर्सवार डेटा उपलब्ध नहीं है, जिससे मिलान में दिक्कत हो रही है।

मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय सहारनपुर। जागरण आर्काइव
HighLights
वर्ष 2022 से शुरू हुआ था मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय का संचालन, पहली बार हो रहा आडिट।
हर साल अनुमानित 40 करोड़ रुपये जमा होते हैं पंजीकरण, प्रवेश और परीक्षा शुल्क के रूप में।
विश्व प्रताप, सहारनपुर। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय के पास छात्र-छात्राओं के द्वारा विभिन्न पाठ्यक्रमों में जमा की जा रही फीस का विवरण नहीं है। पहली बार हो रहे ऑडिट में यह मामला सामने आया है। पिछले चार साल में छात्र-छात्राओं ने किस कोर्स में कितनी फीस जमा की विश्वविद्यालय प्रबंधन इसका कोई जवाब नहीं दे पा रहा है।
स्थानीय निधि लेखा परीक्षा विभाग के कई बार रिमाइंडर भेजने के बाद भी डेटा नहीं उपलब्ध कराया जा सका है। विभाग के मुताबिक चार सालों में विभिन्न मदों में जमा कराई गई फीस की राशि 160 करोड़ रुपये के आसपास है।
मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय (एमएसयू) का संचालन चार साल पहले वर्ष 2022-23 से शुरू हुआ था। सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर तीनों जिलों के 10 राजकीय, 11 एडेड और 199 निजी कालेज इससे संबद्ध हैं। इनमें संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों में करीब दो लाख छात्र-छात्राएं अध्ययन कर रहे हैं। विश्वविद्यालय से संबद्ध कालेजों में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं से पंजीकरण शुल्क और परीक्षा शुल्क ऑनलाइन लिया जा रहा है। समर्थ पोर्टल के माध्यम से लिए जाने वाला शुल्क थर्ड पार्टी के खाते में यानि विश्वविद्यालय की ओर से पेमेंट एग्रीगेटर के तौर पर हायर किए गए पे-यू प्लेटफार्म के पास जमा होता है।
इसके बाद पेमेंट एग्रीगेटर से विश्वविद्यालय के खाते में राशि जमा होती है। छात्र-छात्राओं से पाठ्यक्रमवार कितनी फीस ली गई और इसमें से पेमेंट एग्रीगेटर ने कितनी राशि विश्वविद्यालय के खाते में जमा कराई, स्थानीय लेखा परीक्षा विभाग ने इसका आडिट शुरू किया इसका कोई हिसाब-किताब नहीं मिला। विश्वविद्यालय प्रबंधन के पास पिछले चार साल की फीस का पाठ्यक्रमवार डाटा नहीं है।
लेखा विभाग के उपनिदेशक मनोज कुमार ने बताया कि आडिट के दौरान एमएसयू में विभिन्न पाठ्यक्रमों में जमा फीस का ब्योरा नहीं मिला है। विश्वविद्यालय के साथ ही पेमेंट एग्रीगेटर पे-यू को भी कई रिमाइंडर भेज चुके हैं, लेकिन स्पष्ट डाटा नहीं मिला है, जिससे फीस का मिलान नहीं हो पा रहा है।
विश्वविद्यालय के वित्त नियंत्रक सूरज कुमार ने बताया कि चार साल से पाठ्यक्रमवार कोई डाटा तैयार नहीं किया गया था। छात्र-छात्राओं से विभिन्न मदों में ली गई फीस का वर्षवार डेटा छांटा जा रहा है। नए सिरे से सारी एंट्री छांटने में समय लग रहा है। पहली बार आडिट के चलते थोड़ी परेशानी हो रही है। हालांकि विश्वविद्यालय की बैलेंस शीट हर साल सीए से तैयार कराई जा रही है और इसका ऑडिट भी कराया गया है। हर साल अनुमानित 40 करोड़ रुपये विभिन्न मदों में फीस जमा होती है। इस साल एमएसयू परिसर में 800 प्रवेश हुए हैं, जिनसे करीब 60 लाख रुपये शुल्क जमा हुआ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।