डेढ़ करोड़ खर्च... फिर भी ककराली सरोवर में पानी की बूंद तक नहीं, पालिका भी बनाए हुए है दूरी
गंगोह का पवित्र ककराली सरोवर डेढ़ करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद जलविहीन और बदहाल स्थिति में है, जिससे स्थानीय ...और पढ़ें

गंदगी का ढेर बना पवित्र ककराली सरोवर क्षेत्र। जागरण
HighLights
ककराली सरोवर पर डेढ़ करोड़ रुपये खर्च, फिर भी जलविहीन।
सुंदरीकरण के बाद रखरखाव की जिम्मेदारी किसी को नहीं सौंपी गई।
निवासी सरोवर में पानी भरवाने और सफाई की मांग कर रहे।
संवाद सहयोगी, गंगोह (सहारनपुर)। पवित्र ककराली सरोवर जलविहीन है और लगातार बदहाली की ओर बढ़ रहा है। इसके सुंदरीकरण पर अब तक डेढ़ करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन इसमें पानी नहीं भरा गया और सफाई की भी व्यवस्था नहीं है।
ग्राम सभा गंगोह देहात की स्वीकृति के बाद पर्यटन विभाग ने वर्ष 2011 में सरोवर के सुंदरीकरण के लिए 50 लाख रुपये स्वीकृत किए थे। इस राशि से कराया गया निर्माण पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद सरोवर के लिए एक करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए और निर्माण कराया गया, लेकिन रखरखाव की जिम्मेदारी किसी को नहीं सौंपी गई। निर्माण पूरा होने के बाद सरोवर नगरपालिका परिषद को सौंपा जाना था। काम पूरा न होने के कारण पालिका भी इससे दूरी बनाए हुए है।
सरोवर की भूमि का समय-समय पर आयोजनों के लिए उपयोग करने वाली संस्थाओं ने भी रखरखाव पर ध्यान नहीं दिया। नतीजतन, सरोवर फिर बदहाली की ओर बढ़ रहा है। यहां पहले की तरह मेला भगवती, बालाजी धाम के कार्यक्रम और अन्य बड़े धार्मिक आयोजन होते हैं। दीपावली पर पटाखा बाजार तथा रामलीला से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। क्षेत्र के निवासी श्रवण शर्मा, बालाजी धाम के महंत सुशील शर्मा, अनुराग और रोहित ने सरोवर में पानी भरवाने की मांग की है।
उनका कहना है कि आयोजनों के बाद सफाई नहीं होने से यहां गंदगी बढ़ती जा रही है। सरोवर के दोनों ओर मंदिर हैं और अब यह भीड़भरा आवासीय क्षेत्र बन गया है। ऐसे में यहां पटाखा बाजार लगाना खतरे को आमंत्रित करने जैसा है। अन्य लोगों ने भी जिलाधिकारी से मांग की है कि सरोवर की भूमि पर किसी भी आयोजन की स्वीकृति न दी जाए।