हलगोया से हरिद्वार 51 KM सिक्सलेन हाईवे को लेकर आया बड़ा अपडेट, इस दिन से फर्राटा भरेंगी गाड़ियां
दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर हलगोया से हरिद्वार तक सिक्स लेन एक्सेस कंट्रोल हाईवे का 92% से अधिक काम पूरा हो गया है।

दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कारीडोर पर हलगोया से हरिद्वार तक सिक्स लेन निर्माणाधीन हाईवे
HighLights
हलगोया-हरिद्वार सिक्स लेन हाईवे का 92% से अधिक कार्य पूर्ण।
एक महीने बाद वाहनों के लिए खुलेगा यह एक्सेस कंट्रोल हाईवे।
सहारनपुर के 17 गांवों से होकर गुजरेगा 51 किमी लंबा मार्ग।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर हलगाेया से हरिद्वार तक सिक्स लेन एक्सेस कंट्रोल हाईवे पर एक महीने बाद वाहन फर्राटा भर सकेंगे। हाईवे का 92 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है। यह हाईवे जिले के 17 गांवों से होकर हरिद्वार जा रहा है। 51 किमी हाईवे की जिले में लंबाई 19 किमी है। हाईवे पर सहारनपुर के नागल और उत्तराखंड के सलियर से ही वाहन चढ़ और उतर सकेंगे।
बड़गांव के निकट दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर गांव हलगोया से सिक्स लेन एक्सेस कंट्रोल हाइवे शुरू हो रहा है। एचएचएआइ रूड़की डिवीजन के अनुसार पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन की दो हाईटेंशन विद्युत लाइनों में एक शिफ्ट की जा चुकी है जबकि दूसरी लाइन की शिफ्टिंग के लिए अभी शटडाउन न मिल पाने से काम बाधित है।
इसके अलावा बहादराबाद में भी निर्माण कार्य चल रहा है। हरिद्वार तक निर्माणाधीन 51 किमी एक्सेस कंट्रोल हाईवे की लागत लगभग 1500 करोड़ है। 92 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है।
नागल और सलियर में कट
यह हाईवे गांव हलगोया में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से शुरू होकर खेड़ामुगल, पनियाली कासिमपुर, मानकपुर, कलियर शरीफ होकर बहादराबाद तक बन रहा है। हलगोया से शुरू होकर किमी आठ में नागल और इसके बाद किमी 32 पर उत्तराखंड के सलियर पर हाईवे पर वाहनों को दूसरे मार्ग से चढ़ने और उतरने का कट मिलेगा। हाइवे पर दो पहिया वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
जिले के 17 गांवोें से हाईवे
हाईवे पर छह बड़े पुल और छह फ्लाईओवर बनाए गए है। बढ़ेड़ी में 870 मीटर की एलीवेटिड रोड बनाई गई है। 51 किमी का एक्सेस कंट्रोल हाइवे जिले में 19 किमी है।
यह 17 गांवों हलगोया अहतमाल, हलगोया मुस्तहकम, शीतलाखेड़ा, शीतलाखेड़ा अहतमाल, पहाड़पुर, गांगनौली, साधारणसिर, बसेड़ा, डंगरौली, नैनसोब, खेड़ा मुगल, बिलासपुर शेखूपुर, शेेऊपुर, ताजपुर, नाफेपुर, पनियाली कासिमपुर, अकबरपुर उर्फ भारापुर है।
हाईवे का लगभग 32 किमी का हिस्सा उत्तराखंड में है। एनएचएआइ अधिकारी के अनुसार हाईवे पर हाईटेंशन विद्युत लाइन के लिए शट डाउन मिलने में देरी के कारण काम बाधित है। एक महीने बाद हाईवे को ट्रायल के लिए खोले जाने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- चारपाई से लेकर घर के पूरे सामान के साथ चल रहे 308 पहियों वाले 'महाट्रक' के कर्मचारी, हर दिन बन रहा 30 लोगों का खाना
इन स्थानों से मिलेगा लाभ
- सहारनपुर से हरिद्वार जाने के लिए पंचकूला-हरिद्वार एक्सप्रेस-वे के अलावा सिक्स लेन एक्सेस कंट्रोल हाईवे मिलेगा।
- रामपुर मनिहारान की ओर से दिल्ली रोड पर चुनेहटी के निकट मिनी बाइपास से होकर मल्हीपुर रोड के बाद बड़गांव आकर हलगोया पहुंच सकेंगे।
- रामपुर मनिहारान से बड़गांव होकर हलगोया पहुंचकर एक्सेस कंट्रोल हाईवे से होकर भी हरिद्वार पहुंचा जा सकेगा।
