विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शादी के सीजन में बड़ी राहत: साल के शिखर से सोना ₹43 हजार और ₹1.30 लाख टूटी चांदी, बाजार में लौटने लगे खरीदारी टालने वाले

By Deepak Prajapati Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 19 Nov 2026 05:44 PM (IST)

सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट आई है, जिससे खरीदारों, खासकर शादी वाले परिवारों को बड़ी राहत मिली ...और पढ़ें

शादी के सीजन में गिरे सोना-चांदी के दाम (AI Generated Image)

शादी के सीजन में गिरे सोना-चांदी के दाम (AI Generated Image)

HighLights

  1. कीमतों में आई इस नरमी का असर बाजार में भी दिखाई देने लगा।

  2. शादी वाले परिवारों को आभूषण खरीदारी में मिली बड़ी राहत।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। सोने और चांदी की आसमान छूती कीमतों से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। सराफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के भाव में आई जोरदार गिरावट ने खरीदारों को बड़ी राहत दी है। इस वर्ष के उच्चतम स्तर से तुलना करें तो सोना करीब 43 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी लगभग 1.30 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक सस्ती हो चुकी है।

कीमतों में आई इस नरमी का असर बाजार में भी दिखाई देने लगा है। खासकर शादी-विवाह वाले परिवारों ने राहत की सांस ली है और आभूषणों की खरीदारी के लिए सराफा बाजार का रुख करना शुरू कर दिया है।

मार्च माह में सोने की कीमत 1,82,003 रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर तक पहुंच गई थी। इसके बाद कीमतों में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहा। अब सोना गिरकर करीब 1.39 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया है। वहीं, चांदी ने मई में 3,05,743 रुपये प्रति किलोग्राम का रिकार्ड स्तर छुआ था, लेकिन अब इसका भाव घटकर करीब 1.76 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गया है।

इस गिरावट ने उन लोगों को खरीदारी का मौका दिया है, जो लंबे समय से कीमतें कम होने का इंतजार कर रहे थे। नवंबर और दिसंबर में जिन परिवारों में शादी-विवाह के कार्यक्रम होने हैं, उनके लिए सोने-चांदी के भाव में आई गिरावट किसी बड़ी राहत से कम नहीं है।

शादी में दुल्हन के गहनों से लेकर रिश्तेदारों को दिए जाने वाले उपहार तक में सोने-चांदी की अहम भूमिका होती है। ऐसे में कीमतों में हजारों रुपये की कमी से परिवारों का बजट काफी हद तक संभल रहा है। जनवरी व फरवरी माह में होने वाली शादियों को लेकर परिवार अभी से गहनों की खरीदारी के साथ ही एडवांस बुकिंग कराने में भी रुचि दिखा रहे हैं।

सोने और चांदी की कीमतों में आई गिरावट ने निवेशकों का ध्यान भी आकर्षित किया है। जिन लोगों ने ऊंचे भाव के चलते खरीदारी टाल रखी थी, वे अब बाजार की चाल पर नजर बनाए हुए हैं। हालांकि, कीमती धातुओं के भाव में आगे भी उतार-चढ़ाव की संभावना बनी हुई है।

मौजूदा कीमतों ने आम ग्राहकों को खरीदारी का अवसर दिया है। खासकर शादी की तैयारियों में जुटे परिवार इस गिरावट का लाभ उठाना चाहते हैं। यदि कीमतों में नरमी का सिलसिला जारी रहता है तो आने वाले दिनों में सराफा बाजार में ग्राहकों की भीड़ और बढ़ सकती है।
पवन गोयल, अध्यक्ष सराफा बाजार एसोसिएशन।

सहारनपुर में चांदी के भाव 

  • माह-- अधिकतम  --न्यूनतम
  • अप्रैल--2,48,08--2,31,224
  • मई--3,05,743--2,26,009
  • जून- 2,75,834-2,12,301
  • जुलाई--2,43,528--2,14,056
  • अगस्त--2,52,593--2,15,598
  • सितम्बर---2,44,289---2,24,893
  • अक्तूबर--2,28,201--1,99,000
  • नवम्बर-- 1,90,000--1,76,200

चांदी के भाव प्रति किग्रा के है।

सहारनपुर में सोने के भाव

  • माह-    अधिकतम    -न्यूनतम
  • जनवरी-- 1,82,000--1,39,645
  • फरवरी--1,66,456-1,39836
  • मार्च--1, 82,003-1,40,936
  • अप्रैल-1,59,053- 1,69,212
  • जून--1,66,004--1,40, 692
  • जुलाई--1,53,873--1,39,680
  • अगस्त--1,69,571--1,41,702
  • सितम्बर--1,60,726--1,46,170
  • अक्तूबर--1,58,560--1,43,983
  • नवम्बर-1,49,200--1,39,200

सोने के भाव प्रति दस ग्राम के हिसाब है।

नोट: सोने-चांदी के रेट सहारनपुर के बाजार से लिए गए हैं। अन्य बाजारों में अंतर हो सकता है। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।