घर से दीपावली पूजन कर ड्यूटी पर गाजियाबाद लौट रहे SI की सड़क हादसे में मौत, कार से टकराई नीलगाय
Saharanpur News: गाजियाबाद में तैनात एसआई की दीपावली पूजन के बाद ड्यूटी लौटते समय सड़क हादसे में मौत हो गई। ...और पढ़ें

वैभव कुमार का फाइल फोटो
HighLights
गाजियाबाद जिले में तैनात थे एसआई वैभव कुमार।
अन्य मामले में दीपावली के दिन मिला युवक का शव।
संवाद सूत्र, रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। गाजियाबाद में तैनात पुलिस एसआई वैभव कुमार की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में दीपावली की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया।
क्षेत्र के गांव घसौती निवासी वैभव कुमार 35 पुत्र प्रीतम सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा थे। उनकी गाजियाबाद जिले में तैनात थी। दीपावली पर अपने घर पहुंचे थे और परिवार के साथ पूजा-अर्चना करने के बाद रविवार रात कार से वापस अपनी ड्यूटी पर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि शामली से कुछ आगे के बीच रात करीब 11 बजे रास्ते में अचानक एक नीलगाय उनकी कार के सामने आ गई, जिसके चलते कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे में वैभव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार की दीपावली की खुशियों को मातम में बदल गई। वैभव कुमार की मौत से परिवार व गांव घसौती में भी शोक का माहौल है। उनका लगभग 5 वर्ष का एक बेटा है। सोमवार को सुबह गमगीन माहौल में वैभव कुमार का अंतिम संस्कार गांव में किया गया, जिसमें सैकड़ो ग्रामीण मौजूद रहे।
दीपावली के दिन चकरोड पर पड़ा मिला युवक का शव
देवबंद : दीपावली के दिन रविवार को देवबंद क्षेत्र के गांव रणखंडी में चकरोड पर युवक का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान घलोली गांव निवासी 40 वर्षीय पुष्पेंद्र कुमार के रूप में हुई है। वह मजदूरी करता था और शनिवार रात से लापता था। मृतक के गले पर मामूली निशान मिले हैं। स्वजन ने उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
क्षेत्र के घलोली गांव निवासी पुष्पेंद्र शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। स्वजन उसकी तलाश में जुटे थे। रविवार सुबह करीब 11 बजे रणखंडी गांव में श्मशान घाट के पास चकरोड पर उसका शव पड़ा मिला। ग्रामीणों ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई। एसपी देहात मयंक पाठक पुलिस और फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। बताया जाता है कि पुष्पेंद्र ने हाल ही में एक किसान से खेत में खड़ी गन्ने की फसल कटवाने के लिए पेशगी रुपये भी लिए थे। सीओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल स्वजन की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।