मुस्लिम युवक के बैंड का नाम बालाजी, विरोध हुआ तो आननफानन में बदलकर किया बाबाजी
गंगोह में एक मुस्लिम युवक के बैंड का नाम 'बालाजी' रखने और धार्मिक तस्वीर इस्तेमाल करने पर विवाद खड़ा हो ...और पढ़ें

समझौते के बाद मौजूद दोनों पक्ष के लोग। सौ. ग्रामीण
HighLights
मुस्लिम युवक के बैंड का नाम 'बालाजी' रखने पर हुआ विवाद।
हिंदू संगठनों ने धार्मिक प्रतीकों के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई।
विरोध के बाद बैंड का नाम बदलकर 'बाबाजी' किया गया।
संवाद सूत्र, गंगोह (सहारनपुर)। मुस्लिम संचालक के अपने बैंड का नाम बदलकर बालाजी बैंड रखने पर कस्बे में विवाद हो गया। धार्मिक तस्वीर और बालाजी के नाम के इस्तेमाल को लेकर हिंदू संगठन ने कड़ा विरोध जताया और तहरीर दे दी। विवाद गर्माता देख अब बैंड संचालक ने अपने बैंड का नाम बदलकर बाबाजी बैंड कर लिया है।
बता दें कि गंगोह में मुस्लिम युवक महताब द्वारा संचालित बैंड के प्रचार बैनर पर भगवान श्री बालाजी महाराज की तस्वीर और नाम का इस्तेमाल किया गया था। बैनर पर शादी-विवाह, पार्टी और शोभायात्राओं में बैंड बुकिंग का प्रचार किया जा रहा था। इस पर राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों ने आपत्ति जताते हुए इसे धार्मिक प्रतीकों का व्यावसायिक इस्तेमाल बताया था।
संगठन के तहसील अध्यक्ष दीपक सैनी, सिंघम कुमार, अमित खड़लाना, आर्यवीर और अरविंद शास्त्री सहित अन्य पदाधिकारियों ने इस संबंध में कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की थी।
आपत्ति के बाद दोनों पक्षों में हुई बातचीत के बाद बैंड संचालक महताब ने स्वयं बैंड का नाम बदल लिया है। अब इसका नाम बाबा जी बैंड कर दिया गया है। सीओ शैलेंद्र प्रताप गौतम ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया था। बैंड संचालक महताब ने स्वयं बैंड का नाम बदल लिया है। अब इसका नाम बाबा जी बैंड कर दिया गया है। इसके बाद विवाद समाप्त हो गया है।