किसानों ने कृषि बिलों की प्रतियों का फूंका पुतला
बड़गांव में सरकार के तीनों कृषि कानून को किसान विरोधी बताते हुए भाकियू तोमर के कार्यकर्ताओं ने कृषि कानून की प्रतियां जलाई हैं। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि बिलों के लागू होने से किसान बर्बाद हो जाएगा।
सहारनपुर, जेएनएन। बड़गांव में सरकार के तीनों कृषि कानून को किसान विरोधी बताते हुए भाकियू तोमर के कार्यकर्ताओं ने कृषि कानून की प्रतियां जलाई हैं। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि बिलों के लागू होने से किसान बर्बाद हो जाएगा।
भारतीय किसान यूनियन तोमर के कार्यकर्ता दोपहर 12 बजे कस्बे के महाराणा प्रताप चौक पर एकत्र हुए । यूनियन के जिलाध्यक्ष श्यामसिंह राणा के नेतृत्व में किसानों ने कृषि कानून को किसान विरोधी बताया। कहा कि इससे किसान बर्बाद हो जाएगा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार इन बिलों को पास कर किसानों की कमर तोड़ना चाहती है। जिससे किसान अपनी फसलों को औने-पौने दामों पर बेचने को मजबूर हो जाएगा। जिस तरह केंद्र ने किसानों की दो मांगें मान ली हैं। वैसे ही किसानों की अन्य मांगें भी मानी जाएं। इस मौके पर यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सोनू तेजवान, जिला प्रवक्ता दीप त्यागी, जिला उपाध्यक्ष अनिल राणा, अब्बास गौड़, फरमान गौड़, कलीम गौड़, राधेश्याम मित्तल, विक्की रुहेला, मोहन सिंह आदि किसान मौजूद रहे।
जनता हित के लिए कोई भी कुर्बानी देने को तैयार किसान:चौ. जगपाल
रामपुर मनिहारान: दिल्ली में चल रहे किसानों के धरना प्रदर्शन में भाकियू कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना हो गए। भाकियू मण्डल महासचिव चौधरी जगपाल सिंह ने कहा कि किसानों व आम जनता के हित के भाकियू कार्यकर्ता कोई भी कुर्बानी देने के लिए तैयार हैं। केंद्र सरकार के तीन नये कृषि कानूनों को लेकर किसान दिल्ली में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।
गुरुवार को भाकियू मंडल महासचिव चौधरी जगपाल सिंह अपने समर्थकों के साथ दिल्ली रवाना हुए, दिल्ली जाने से पूर्व चौधरी जगपाल सिंह ने दिल्ली हाईवे पर कहां की कृषि कानून किसानों के लिए एक फांसी का फंदा है लेकिन केंद्र सरकार किसानों की बातों को अनसुना कर रही हैं।
मंडल महासचिव चौधरी जगपाल सिंह ने कहा कि हमारी किसी से निजी से दुश्मनी नहीं है। सरकार किसानों को बर्बाद करने के लिए कानून लायी है हम उसका शांतिपूर्वक विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाकियू कार्यकर्ता किसानों व आम जनता के हित में कोई भी कुर्बानी देने के लिए तैयार हैं। ब्लाक अध्यक्ष शेरपाल राणा, युवा किसान नेता प्रदीप पवार, पुनीत चौधरी व ठाकुर जयपाल सिंह आदि के साथ दिल्ली के रवाना हो गए।