विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नकली पनीर के डर से बदला शादी का मेन्यू, मटर-मशरूम की सब्जियां बनीं स्टेटस सिंबल

Published: Mon, 09 Mar 2026 02:24 PM (IST)

सहारनपुर में नकली पनीर के बढ़ते मामलों के कारण शादी समारोह के मेन्यू में बदलाव आ रहा है। लोग अब ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. नकली पनीर के कारण शादी मेन्यू में बदलाव।

  2. लोग पनीर की जगह मटर-मशरूम पसंद कर रहे।

  3. खाद्य विभाग ने कई कुंतल नकली पनीर पकड़ा।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। शादी समारोह में शाही पनीर और मटर पनीर मेन्यू की शान माने जाते हैं, लेकिन अब हालात बदलने लगे हैं। नकली पनीर के लगातार सामने आ रहे मामलों के कारण लोगों का भरोसा कम होने लगा है।

यही वजह है कि इस शादी सीजन में लोग पनीर से परहेज करने लग गए। पनीर की जगह मटर-मशरूम और मशरूम से बनने वाली अन्य सब्जियों को मेन्यू में शामिल कर रहे हैं।

जिले में पिछले छह महीनों में खाद्य विभाग की टीम ने जिले में अलग-अलग स्थानों पर छापामारी कर 20 से अधिक पनीर के नमूने लिए हैं। जांच के दौरान कई कुंतल नकली पनीर पकड़ा गया, जिसे विभाग ने नष्ट भी कराया। होली से पहले भी चार फैक्ट्रियों में छापेमारी कर करीब 100 कुंतल नकली पनीर बरामद किया गया था।

इसके साथ ही नकली दूध का भी मामला सामने आया था। खाद्य विभाग की जांच में रामपुर मनिहारान क्षेत्र में घरों में नकली पनीर बनाने का कारोबार भी सामने आ चुका है। पिछले चार महीनों के भीतर विभाग ने करीब दस फैक्ट्रियों पर कार्रवाई की है।

लगातार हो रही इन कार्रवाइयों के बाद लोगों में मिलावटी पनीर को लेकर सतर्कता बढ़ गई है। शादी समारोह में भी परिवार पनीर से परहेज करने लगे हैं। उसकी जगह मटर-मशरूम की अन्य सब्जियों को पसंद किया जा रहा है।

पहले शादी के मेन्यू में पनीर की दो-तीन सब्जियां आम बात थीं, लेकिन अब कई परिवार ऐसे हैं, जो मशरूम, मटर-मशरूम और अन्य सब्जियों को पसंद कर रहे हैं।

-फतेह सिंह, कैटर्स आवास विकास कालोनी।

परिवार पनीर की सब्जी बनवाने से बच रहे हैं और उसकी जगह मशरूम आधारित व्यंजन पसंद कर रहे हैं, जो अब स्टेटस सिंबल भी बनते जा रहे हैं।

-अविनाश गौतम, कैटर्स मानकमऊ