विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सहारनपुर के बनर्जी मार्केट में पुलिस की कार्रवाई, 200 से ज्यादा नकली iPhone और पार्ट्स बरामद

Published: Fri, 16 Oct 2026 03:50 PM (IST)

सहारनपुर की बनर्जी मोबाइल मार्केट में डुप्लीकेट आईफोन और नकली पार्ट्स बेचने की सूचना पर पुलिस और एप्पल कंपनी के ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सहारनपुर की बनर्जी मार्केट में डुप्लीकेट आईफोन की बिक्री पर छापा।

  2. पुलिस और एप्पल कंपनी ने 200 से अधिक नकली पार्ट्स जब्त किए।

  3. संदिग्ध दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, तलाश जारी है।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। शहर की बनर्जी मोबाइल मार्केट में डुप्लीकेट आईफोन और नकली पार्ट्स बेचने की सूचना पर एप्पल कंपनी के जांच अधिकारी ने पुलिस के साथ करीब सात से आठ दुकानों पर छापेमारी की।

कंपनी के मैनेजर की शिकायत पर हुई कार्रवाई में 200 से अधिक कॉपी मोबाइल फोन और पार्ट्स मिले। पुलिस और कंपनी की टीम ने संदिग्ध सामान कब्जे में लेकर जांच के लिए कोतवाली पहुंचाया। छापेमारी की खबर फैलते ही कुछ दुकानदार दुकानें बंद कर चले गए।

नगर कोतवाल राजीव कौशिक ने बताया कि नोएडा के सेक्टर 25 में स्थित सेमिता लीगल के संचालक मौहम्मद तौकीर ने जानकारी दी कि एप्पल कंपनी ने उन्हें जांच अधिकारी नियुक्त किया है।

पिछले कुछ दिनों से सहारनपुर की कुछ दुकानों पर आईफोन के नाम पर डुप्लीकेट मोबाइल और नकली पार्ट्स बेचे जाने की सूचना मिल रही थी। कंपनी ने मामले की जांच के निर्देश दिए थे। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे तौकीर नगर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।

पुलिस ने मार्केट में छापा मारा

इसके बाद पुलिस उनके साथ बनर्जी मार्केट पहुंची और दुकानों पर छापेमारी की। टीम ने संदिग्ध दुकानों से मिले मोबाइल फोन और पार्ट्स एकत्र किए।

बरामद सामान ई-रिक्शा में रखकर थाना सिटी कोतवाली लाया गया। बाजार से थाने तक ई-रिक्शा में रखे सामान पर लोगों की नजरें टिकी रहीं। राजीव कौशिक के मुताबिक, तौकीर की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और दुकान संचालकों की तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें- राजस्थान: रिश्वत के आरोपी एएसपी के आईफोन में छिपे राज, 5 दिन से नहीं बताया पासवर्ड