डीआइजी जेल ने किया कारागार का निरीक्षण
डीआइजी जेल आगरा/ मेरठ परिक्षेत्र लवकुमार ने शुक्रवार को जिला जेल का निरीक्षण किया। उन्होंने जेल में कोरोना से लड़ने के लिए उठाए जा रहे कदमों की समीक्षा की। अस्पताल वार्ड का निरीक्षण भी किया।
सहारनपुर जेएनएन। डीआइजी जेल आगरा/मेरठ परिक्षेत्र लवकुमार ने शुक्रवार को जिला जेल का निरीक्षण किया। उन्होंने जेल में कोरोना वायरस से लड़ने के लिए उठाए जा रहे कदमों की समीक्षा की। अस्पताल वार्ड का निरीक्षण भी किया।
डीआइजी जेल आगरा/मेरठ परिक्षेत्र लवकुमार शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे जेल में पहुंचे और निरीक्षण किया। उन्होंने जेल प्रशासन द्वारा कोरोना की रोकथाम के लिए उठाए जा रहे कदमों की गहनता से समीक्षा की। साथ ही जेल अस्पताल का निरीक्षण किया। बंदी मरीजों से बातचीत कर उनसे मिल रहे उपचार व खाने आदि के बारे में जानकारी ली। डीआइजी ने जेल में मास्क बनाने वाली यूनिट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जेल में बंद महिला बंदियों की भी समस्याएं सुनी और उन्हें बताया कि महिला जेलों में जो बच्चे अपनी मां के साथ रह रहे हैं उनके भविष्य को देखते हुए उन्हें स्कूल भेजने की योजना है। इसे सभी जेलों में लागू कराया जाएगा।
उन्होंने जेल स्टाफ व बंदियों बातचीत कर उन्हें साफ सफाई से रहने के लिए प्रेरित किया। कहा कि कोरोना वायरस को ध्यान में रख अपनी व अपने आसपास की सफाई रखें।
डीआइजी जेल लव कुमार ने पत्रकारों से वार्ता में जानकारी दी कि फिलहाल जिन जिलों में अधिक भीड़ है वहां पर एक सप्ताह के लिए मुलाकातों पर रोक लगाई जाएगी। जेल प्रशासन की ओर से शनिवार से अग्रिम आदेश तक कोई मुलाकात न कराए जाने का फरमान भी जारी कर दिया गया। कोरोना वायरस से बचाव के लिए यह कदम उठाया गया है। शुक्रवार की सुबह बड़ी संख्या में लोग जेल में बंद अपनों से मुलाकात करने के लिए पहुंचे थे। शुक्रवार को तो इनकी मुलाकात करा दी गई। जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा का कहना है कि इन दिनों जिस तरह से कोरोना वायरस के फैलने का खतरा बना हुआ है, इसी के चलते शनिवार से बंदियों, कैदियों की मुलाकात किसी बाहरी व्यक्ति से नहीं कराई जाएगी। आला अधिकारियों का आगे इस संबंध में जो भी आदेश होगा, उसका अनुपालन किया जाएगा।