गढ्डों में तब्दील हुआ दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे
अरबों रुपये की लागत से बन रहा दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे गहरे गड्ढो में तब्दील हो गया है। हाइवे के बीच जगह जगह बने गहरे गड्ढो के कारण आए दिन दर्जनों वाहन दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे है।
सहारनपुर, जेएनएन। अरबों रुपये की लागत से बन रहा दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे गहरे गड्ढो में तब्दील हो गया है। हाइवे के बीच जगह जगह बने गहरे गड्ढो के कारण आए दिन दर्जनों वाहन दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे है।
दिल्ली यमुनोत्री हाइवे 709 बी के निर्माण को लेकर लंबे अरसे से केवल सूचनाएं ही मिल रही है। इसी बीच सहारनपुर बार्डर चौकी जंधेडी से लेकर सहारनपुर तक हाइवे की हालत खस्ता हो गई है। बदहाल हाइवे की स्थिति का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि हाइवे निर्माण कंपनी द्वारा हाइवे के टूटे टुकड़ों तथा हाइवे में बने गड्ढों की भी मरम्मत तक नहीं की गई है। हाइवे के टूटे हिस्सों पर गिरी मिट्टी के कारण धूल उड़ती रहती है। इससे सांस की बीमारियां फैल रही है। दिल्ली यमुनोत्री हाइवे पर हादसों की एक वजह यह भी है कि हाइवे में विभिन्न स्थानों पर आधा फिट से भी गहरे गड्ढे हो गए है। क्षतिग्रस्त मार्ग के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। क्षेत्र के गांव तिलफरा निवासी किसान नेता ठा. अजब सिंह, पांडूखेड़ी निवासी चौधरी सतपाल सिंह, चोरा गांव निवासी विशाल चौधरी, काशीपुर गांव निवासी सुरेश शर्मा आदि ने सरकार से हाइवे निर्माण से पूर्व हाइवे की मरम्मत कराये जाने की मांग की है।