विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Delhi-Dehradun Highway: आज से ढाई घंटे में करें द‍िल्‍ली और देहरादून के बीच सफर

By Sanjeev Kumar Gupta Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 14 Apr 2026 05:59 AM (IST)

दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे मंगलवार से खुलेगा। 210 किमी लंबे हाईवे पर दिल्ली-देहरादून की यात्रा ढाई घंटे में संभव होगी।

दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे

दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे 

HighLights

  1. दिल्ली-देहरादून हाईवे खुलने से सहारनपुर का व्यापार बढ़ेगा।

  2. हाईवे पर है एशिया का सबसे बड़ा 12 किमी वन्यजीव गलियारा।

तपेंद्र सैनी, सहारनपुर। दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे उद्घाटन के बाद मंगलवार से वाहन फर्राटा भरेंगे। हाईवे के शुरू होने से जिले के कारोबार को पंख लग जाएंगे। दिल्ली पहुंचने के लिए तीसरा हाईवे जिले को मिलेगा। 210 किमी लंबे हाईवे का जिले में लगभग 74 किमी है। डाट काली मंदिर के पास 1995 करोड़ रुपये की लागत से 340 मीटर लंबी तीन लेन सुरंग भी बनाई गई है।

दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे शामली के उमरपुर गांव के बाद सहारनपुर के जड़ौदा पांडा में प्रवेश करता है। हाईवे के हर किमी पर सौर ऊर्जा चलित सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं जो रात में बैटरे की मदद से हर स्थिति पर नजर रखेंगे।

जैनपुर के पास टोल प्लाजा तैयार हो चुका है। जिले में 74 किमी हाईवे का 41 किमी हिस्सा एनएचएआई रूड़की और बागपत डिवीजन में बड़गांव क्षेत्र में लाखनौर के गोल चक्कर तक 33 किमी है। हाईवे शुरू होने से जिले के कारोबार को पंख लग जाएंगे।

हाईवे के शुरू होने से तीसरा मार्ग मिलेगा

सहारनपुर से दिल्ली के अभी तक दो हाईवे है। इनमें एक सहारनपुर से नानौता, शामली और बागपत, लोनी होते हुए दिल्ली पहुंचता है।दूसरा मार्ग सहारनपुर से देवबंद, मुजफ्फरनगर, मेरठ होकर दिल्ली पहुंचता है।

दिल्ली-देहरादून ग्रीन फील्ड सिक्स लेन हाईवे के शुरू होने पर सहारनपुर से दिल्ली पहुंचने के लिए तीसरा मार्ग मिल जाएगा। मार्ग के शुरू होने पर यहां कारोबार में वृद्धि के साथ सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी पहुंचना भी सुगम हो जाएगा।

दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे 

  • दिल्ली से देहरादून की कुल लंबाई--210 किलोमीटर
  • सहारनपुर में हाईवे की लंबाई----74 किमी
  • दिल्ली से देहरादून पहुंचने का समय: ढाई घंटे
  • हाईवे की कुल लागत: लगभग 12 हजार करोड़ रुपये
  • हाईवे का निर्माण----- तीन चरण
  • पहला चरण-------दिल्ली के अक्षरधाम से बागपत तक
  • दूसरा चरण-------बागपत से सहारनपुर तक
  • तीसरा चरण------सहारनपुर से देहरादून तक
  • सहारनपुर में बिहारीगढ़ के नजदीक गणेशपुर से 12 किमी एलीवेटेड कारिडोर
  • यह कारीडोर राजाजी नेशनल पार्क से होकर गुजरता है।

एशिया का सबसे बड़ा वाइल्डलाइफ कारिडोर

हाईवे पर डाटकाली मंदिर के पास 26 करोड़ की लागत से 1.3 किमी लंबा वायाडक्ट(ऊंचा पुल)बनाया गया है। यह वायाडक्ट उत्तराखंड में प्रवेश करने वाली सुरंग से पहले है। डाट काली मंदिर उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड की सीमा पर स्थित प्रमुख मंदिर है।

मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए यहां ऊंचे पुल का निर्माण करने का निर्णय लिया गया था। इसके अलावा हाईवे पर 12 किमी लंबा एशिया का सबसे बड़ा वाइल्डलाइफ कारिडोर भी बनाया गया है।

राजाजी पार्क की रमणीय वादियों से सफर

ग्रीनफील्ड हाईवे पर 12 किमी लंबी वाइल्ड लाइफ एलीवेटिड रोड राजाजी नेशनल पार्क की रमणीय वादियों से होकर गुजरती है,इसके अलावा छह एनिमल अंडरपास, दो हाथी अंडरपास बनाए गए है। इसके साथ ही डाट काली मंदिर के पास 1995 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित 340 मीटर लंबी तीन लेन सुरंग भी शामिल है।

एलिवेटेड रोड पर सफर आसान

ग्रीनफील्ड हाईवे पर गणेशपुर से एलिवेटेड रोड पर बिहारीगढ़ से देहरादून का सफर केवल 20-25 मिनट में तय हो रहा है। वाहनों का आवागमन शुरू होने से हाईवे पर प्रतिदिन सफर करने वाले यात्रियों को शिवालिक की पहाडियों में लगने वाले जाम से राहत मिली है। उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड की सीमा पर दो टनल बनाई गई है।

पिलर्स को पहनाई दो फीट मोटी जैकेट

मानसून के दौरान देहरादून क्षेत्र में बरसाती नदियों में आई भयंकर बाढ़ को देखते हुए एलिवेटेड रोड के 575 पिलर्स में से तेज धारा में आने वाले लगभग 24 पिलर्स को डेढ से दो फीट मोटी जैकेट पहनाई गई है। डाटकाली मंदिर के पास सुरक्षा कार्य, मोबाइल टावर इंस्टालेशन और टनल फिनिशिंग के काम कराए गए है।