Delhi-Dehradun Economic Corridor पर वाहन चलाते समय रखें सावधानी, ओवर स्पीडिंग पर पुलिस ने किया 312 का चालान
Delhi-Dehradun Economic Corridor: सहारनपुर यातायात पुलिस ने दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर ओवरस्पीडिंग के खिलाफ सघन अभियान चलाया। इस दौरान 312 वाहनों का चालान किए गए।

सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून इकोनामिक काॅरिडार पर ओवर स्पीडिंग पर यातायात पुलिस की नजर।
HighLights
यातायात पुलिस ने चलाया सघन चेकिंग अभियान।
सहारनपुर में सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन पर जोर।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए यातायात पुलिस ने दिल्ली-देहरादून इकोनामिक काॅरिडार पर ओवर स्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया।
इंटरसेप्टर के माध्यम से की गई कार्रवाई में निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले 312 वाहनों के चालान किए गए। इन वाहन चालकों पर कुल छह लाख 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
एसपी ट्रैफिक शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की तेज रफ्तार सड़क हादसों का कारण बन सकती है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने इंटरसेप्टर के माध्यम से वाहनों की गति पर नजर रखी। निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वालों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।
अभियान का उद्देश्य वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ ही सड़क पर अनुशासन बनाए रखना है। बताया कि एक्सप्रेस-वे पर निर्धारित गति सीमा का पालन करना बेहद जरूरी है। तेज रफ्तार में वाहन चलाने से चालक का नियंत्रण बिगड़ने और दुर्घटना होने का खतरा बढ़ जाता है।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क संकेतकों और निर्धारित गति सीमा का पालन करें। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और अपनी सुरक्षा के साथ अन्य राहगीरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने की अपील की है। कहा कि पुलिस का संदेश है कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए वाहन चालक तेज रफ्तार से बचें और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें।
