निगम की कार्रवाई के विरोध में डेयरी स्वामियों का धरना
डेरी संचालक संघर्ष समिति ने पशु डेरी स्वामियों के विरूद्ध नगर निगम द्वारा की जा रही कार्रवाई के विरोध में धरना दिया। साथ ही निगम अधिकारियों से तुगलकी फरमान वापस लेने व जुर्माने की रकम वापस करने की मांग की।
सहारनपुर, जेएनएन। डेरी संचालक संघर्ष समिति ने पशु डेरी स्वामियों के विरूद्ध नगर निगम द्वारा की जा रही कार्रवाई के विरोध में धरना दिया। साथ ही निगम अधिकारियों से तुगलकी फरमान वापस लेने व जुर्माने की रकम वापस करने की मांग की।
हकीकत नगर स्थित रामलीला ग्राउंड में धरने को संबोधित करते हुए समिति अध्यक्ष संजय वालिया ने कहा कि नगर निगम जिस प्रकार पशु डेरी संचालकों का लगातार उत्पीड़न कर रहा है। अब जिस प्रकार नोटिस भेजे जा रहे हैं, उसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि निगम के पशु डेरियों के शहर से बाहर करने के तुगलकी फरमान से डेयरी स्वामियों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट पैदा हो गया है। इस रोजगार से बड़ी संख्या में परिवार जुड़े हैं। यदि उनके पेट पर लात मारने का प्रयास किया तो सहन नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर जनता को बेवकूफ बनाने का कार्य किया जा रहा है। पांवधोई की सफाई के नाम पर करोड़ों का बजट पहले ही चट किया जा चुका है, जबकि नदी एक इंच भी साफ नहीं हो पाई है। अब सफाई के नाम पर यदि उत्पीड़न किया गया तो निगम को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। बलदेव चौधरी व आदेश त्यागी ने कहा कि पशु डेयरी संचालकों पर अर्थ दंड लगाकर परेशान किया जा रहा है। यदि निगम द्वारा पशु डेरी स्वामियों से वसूली गई जुर्माने की धनराशि 24 जनवरी तक वापस नहीं की गई तो निगम परिसर में पशुओं के साथ आंदोलन किया जायेगा। इस दौरान पार्षद अमित त्यागी, छात्र नेता अरशल चौधरी संजीव वालिया कुक्कू, अमरजीत सिंह, चौ. रणवीर सिंह, हाजी मो. हुसैन, हाजी मो.अहमद, पप्पू चौधरी, शंटी सिंह, जुबैर अली, गुरचरण सिंह, रवि चौहान, भागमल त्यागी, संजय ग्वाला, रियासत, अब्दुल रहमान गुलशन, राजू आशीष चौधरी आदि मौजूद रहे।