विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर डिवाइडर निर्माण रुकवाया, विधायक संग DM ऑफिस पहुंचे लोग  

By Praveen Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 08 Sep 2026 06:46 PM (GMT+05:30)

Saharanpur News: सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर शहरी पुल चौराहे पर बन रहे डिवाइडर का स्थानीय लोगों ने विरोध किया, जिससे आवागमन प्रभावित होने की आशंका है।

भाजपा विधायक देवेंद्र निम के नेतृत्व में डीएम से मिलने पहुंचे लोग। जागरण

भाजपा विधायक देवेंद्र निम के नेतृत्व में डीएम से मिलने पहुंचे लोग। जागरण

HighLights

  1. शहरी पुल चौराहे पर डिवाइडर निर्माण का विरोध।

  2. डीएम से डिवाइडर में कट देने व चौक बनाने की मांग।

संवाद सूत्र, रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर स्थित शहरी पुल चौराहे पर बनाए जा रहे डिवाइडर को लेकर क्षेत्र के लोगों ने जमकर विरोध किया। लोगों का कहना है कि पुल के आसपास डिवाइडर बनने से आवागमन प्रभावित होगा और स्थानीय लोगों को आने-जाने के लिए अनावश्यक दूरी तय करनी पड़ेगी। मामले को लेकर भाजपा विधायक देवेंद्र निम के नेतृत्व में क्षेत्र के लोगों ने डीएम से मुलाकात कर शहरी पुल पर डिवाइडर में कट देने तथा चौक बनाए जाने की मांग की।

मंगलवार को दिल्ली सहारनपुर हाईवे पर ओवर ब्रिज के निकट शहरी पुल चौक पर बनाए जा रहे डिवाइडर के कार्य को लोगों ने रुकवा दिया। कार्य रुकने की सूचना पर एनएचएआई के अधिकारी व तहसीलदार मौके पर पहुंचे और लोगों से वार्ता की लोगों ने कहा कि मुख्य चौराहे पर डिवाइडर बनने से रास्ता पूरी तरह बंद हो जाएगा स्कूल आने जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों सहित अन्य लोगों को विभिन्न गांव में जाने के लिए काफी दूरी तय करनी पड़ेगी, इसलिए शहरी पुल चौक पर छोटा कट दिया जाए जिसमें स्कूली बसें व अन्य वाहन निकल सके।

बाद में रामपुर मनिहारान विधानसभा के भाजपा विधायक देवेंद्र निम के नेतृत्व में दर्जनों लोग डीएम अरविंद कुमार चौहान से मिले और कहा कि शहरी पुल चौराहा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण स्थान है। यहां से आसपास के गांवों और कस्बों के लोगों का लगातार आवागमन रहता है। हाईवे पर डिवाइडर बनने के बाद यदि कट नहीं दिया गया तो स्थानीय निवासियों, वाहन चालकों और व्यापारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

भाजपा विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि विकास कार्यों के साथ स्थानीय लोगों की सुविधा और यातायात व्यवस्था का भी ध्यान रखा जाना जरूरी है। इस दौरान रमेश पंवार घसौती, संदीप उमाही,नृपेंद्र सिंह, सचिन पवार ,आदित्य सहित काफी लोग मौजूद रहे। डीएम अरविंद कुमार चौहान ने आश्वासन दिया कि मौके की जांच कर कर समस्या का समाधान कराया जाएगा।