लॉकडाउन में सख्ती, सड़कों पर सन्नाटा
दो दिवसीय लॉकडाउन के पहले दिन शनिवार को सड़कों पर वाहनों की आवाजाही काफी कम रही। पुलिस की सख्ती के चलते अधिकांश सड़कें सूनी रही। आवश्यक सेवाओं को छोड़ सभी संस्थान व दुकानें बंद रही। पुलिस ने देहरादून हाइवे से अनुमति वाले वाहनों को छोड़कर किसी को भी महानगर में प्रवेश नहीं करने दिया। कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुलिस ने बिना कारण घूम रहे लोगों के चालान काटे।
सहारनपुर, जेएनएन। दो दिवसीय लॉकडाउन के पहले दिन शनिवार को सड़कों पर वाहनों की आवाजाही काफी कम रही। पुलिस की सख्ती के चलते अधिकांश सड़कें सूनी रही। आवश्यक सेवाओं को छोड़ सभी संस्थान व दुकानें बंद रही। पुलिस ने देहरादून हाइवे से अनुमति वाले वाहनों को छोड़कर किसी को भी महानगर में प्रवेश नहीं करने दिया। कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुलिस ने बिना कारण घूम रहे लोगों के चालान काटे।
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए शासन के निर्देश पर सप्ताह में दो दिन शनिवार और रविवार को लॉकडाउन घोषित किया गया है। शनिवार को महानगर के सभी बाजार पूरी तरह बंद रहे। आवश्यक सेवाएं बदस्तूर जारी रही। बिना मास्क व बिना उचित कारण के बाहर निकालने वालों तथा सीट बेल्ट न लगाने वालों के चालान भी काटे गए। प्रमुख सड़कें और बाजार सूने नजर आए। हाईवे पर भी काफी कम वाहन चलते नजर आए। चिलकाना रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों का डीएम अखिलेश सिंह और एसएसपी डा.एस चन्नपा ने भ्रमण किया। कई स्थानों पर वाहनों का आवागमन रोकने के लिए बेरिकेटिग की गई थी।
गंगोह: शनिवार सुबह दिन निकलने के बाद पुलिस ने सहारनपुर और नानौता बस स्टैंड पर मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया। शिव चौक, नानौता बस स्टैंड चौक पर मौजूद पुलिस कर्मियों द्वारा बिना मतलब घूम रहे लोगों को वापिस लौटाया। हालांकि बाजार बंद रहे।
अंबेहटा: नगर में पुलिस की सख्ती के कारण नगरवासी घरों मे कैद रहे। चौकी प्रभारी नरेश सिंह ने बिना मास्क के घूम रहे लोगो का चालान काटा।
रामपुर मनिहारान: कोरोना से बचाव के लिए दो दिन के लॉक डाउन के पहले दिन कोई विशेष असर नजर नहीं आया। पुलिस लगातार गश्त भी करती रही। पुलिस ने दर्जनों बाइकों सवार वाहनों के चालान काटे ।
नानौता: शनिवार को थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार के निर्देशन में संजय चौक चौराहा पर एसएसआई आरके राणा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में बिना मास्क के घूम रहे लोगों से पांच-पांच सौ का जुर्माना वसूला।
सरसावा: प्रभारी निरीक्षक अशोक सोलंकी ने नगर भ्रमण कर लोगो को घरों मे रहने के लिए निर्देशित किया। नकुड़ रोड,मेन बाजार, सब्जी मंडी आदि बाजार में सन्नाटा रहा। केवल मेडिकल स्टोर की दुकान खुली नजर आई।
सड़क दूधली: कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण शनिवार को लॉकडाउन का असर पूरे क्षेत्र में नजर आया। आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर दुकानें व सभी संस्थान बंद रहे।