विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक को सहारनपुर में... छह मार्गों पर डायवर्जन लागू, वैकल्पिक मार्गों से गुजरेंगे वाहन

By Deepak Prajapati Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 29 Nov 2026 02:28 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 1 दिसंबर को सहारनपुर दौरे के कारण शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। सुरक्षा और सुचारू यातायात के लिए छह मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर वैकल्पिक मार्ग लागू किए गए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

HighLights

  1. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 1 दिसंबर को सहारनपुर का दौरा करेंगे।

  2. वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग अनिवार्य।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। जनपद में एक दिसंबर को प्रस्तावित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व अन्य मंत्रियों के भ्रमण एवं कार्यक्रम के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही विभिन्न मार्गों पर डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान शहर क्षेत्र में सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

यातायात पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सरसावा बाईपास, कुम्हारहेड़ बाईपास, चुनहेटी बाईपास, लाखनौर बाईपास, कोलकी बाईपास और हरोड़ा कट बाईपास से भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से ही आवागमन करना होगा। कार्यक्रम में आने वाले वाहनों को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रवेश दिया जाएगा।

रुड़की, देहरादून और गागलहेड़ी की ओर से शहर में आने वाले वाहनों को कोलकी कट बाईपास से लाखनौर, टपरी होते हुए पेपर मिल रोड अथवा चुनहेटी-दिल्ली रोड से शहर में प्रवेश कराया जाएगा। वहीं शहर से गागलहेड़ी, देहरादून और रुड़की की ओर जाने वाले वाहनों को घंटाघर चौक से कोर्ट रोड, दिल्ली रोड और पेपर मिल रोड होते हुए बाईपास की ओर भेजा जाएगा।

बरोली की ओर से शहर में आने वाले वाहनों को छुटमलपुर, गागलहेड़ी बाईपास, लाखनौर कट बाईपास और टपरी होते हुए पेपर मिल रोड अथवा चुनहेटी-दिल्ली रोड से शहर में प्रवेश करना होगा। बेहट की ओर से आने वाले वाहन पुरानी चुंगी, नवाबगंज चौक, घंटाघर चौक अथवा लिंक रोड से अंबेडकर चौक की ओर संचालित होंगे। देवबंद और मुजफ्फरनगर की ओर से सहारनपुर आने वाले वाहनों को नागल ब्लॉक तिराहे से टपरी रोड होते हुए शहर में प्रवेश कराया जाएगा।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि एक दिसंबर को शहर की ओर निकलने से पहले डायवर्जन व्यवस्था का ध्यान रखें। निर्धारित मार्गों का पालन करें और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करते हुए यात्रा करें, ताकि वीवीआइपी कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और लोगों को जाम की समस्या से बचाया जा सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।