यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 09, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
खरना का प्रसाद ग्रइण कर 36 घंटे का निर्जला व्रत आरंभ
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दूसरे दिन मंगलवार को विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद व्रतियों ने खरना का ...और पढ़ें

सहारनपुर, जेएनएन। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दूसरे दिन मंगलवार को विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद व्रतियों ने खरना का प्रसाद ग्रहण किया। इसी के साथ महिलाओं ने 36 घंटे का निर्जला उपवास आरंभ किया। सोमवार को नहाए-खाए के साथ छठ महापर्व आरंभ हुआ था। बुधवार शाम को व्रती महिलाएं छठ पूजा घाट पर पहुंचकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी।
मंगलवार को छठ पर्व के दूसरे दिन शाम को घर-घर में गुड़ से बनी खीर का प्रसाद तैयार किया गया। सुबह से आरंभ हुए खरना के व्रत को महिलाओं ने शाम को सूर्य भगवान का स्मरण कर खीर का प्रसाद ग्रहण किया। शाम से ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो गया। बुधवार शाम को व्रत रखने वाली महिलाएं मानकमऊ बड़ी नहर घाट और पांवधोई नदी के घाट पर पहुंचकर पूजा-अर्चना के साथ अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। गुरुवार सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ व्रत पूरा होगा और वे अन्न-जल ग्रहण करेंगे। लेबर कालोनी क्षेत्र की कालोनियों के अलावा शिवेंद्र विहार, राम विहार सहित महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले पूर्वांचल के लोगों द्वारा यह पर्व हर्षोल्लास से मनाया जाता है।
घाट पर बनाए गए छठ पूजा स्थल
जागरण संवाददाता, सहारनपुर :
बड़ी नहर छठ पूजा घाट और पांवधोई नदी छठ पूजा घाट पर छठ पूजा स्थल बनाए गए। नगर निगम द्वारा घाट पर साफ-सफाई कराकर लाइट आदि की व्यवस्था कराई। छठ पूजा सेवा समिति के संरक्षक पवन सिंह, अध्यक्ष रामाशंकर सिंह, महामंत्री आनंद सिंह, अर्जुन यादव, संयोजक संतोष शाह निरहुआ, प्रिस सिंह, लक्ष्मण कुशवाहा, संजय कुशवाहा, सनी राय, तनु शाह, सूरज, सोनू सिंह, बृजेश सिंह आदि ने मानकमऊ स्थित बड़ी नहर छठ पूजा घाट पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
पूर्वांचल कल्याण सभा के जिलाध्यक्ष दानिश आ•ाम ने बताया कि छठ पूजा की तैयारियां पूरी कर ली गयी है। मंगलवार को खरना व्रत रखा गया और बुधवार को सूर्यास्त के समय पूजा होगी। पांवधोई नदी और बड़ी नहर स्थित घाट पर पानी पहुंच चुका है। नगर निगम द्वारा सफाई की व्यवस्था कर ली गई है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि सभा के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक नगर एवं पुलिस अधीक्षक यातायात से मिलकर छठ पूजा के स्थल पर पुलिस एवं यातायात व्यवस्था सुचारू कराने अनुरोध किया है। दोनों अधिकारियों ने आश्वासन देकर अधीनस्थों को निर्देशित किया। दशरथ गिरी, अनिल पोद्दार, इंद्रजीत गोस्वामी, मुकेश गिरी, गुड्डू गोस्वामी, श्याम बहादुर, प्रमोद पोद्दार, हरिनारायण आदि मौजूद थे।
