चचेरे भाई की शादी में डांस करते समय सेना के 32 साल के जवान की मौत, माता-पिता की इकलौती संतान थे दुष्यंत
Saharanpur News: चचेरे भाई की शादी में डीजे पर नाचते समय सेना के जवान दुष्यंत कुमार की संदिग्ध कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई। इस दुखद घटना से परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर है।

दुष्यंत कुमार का फाइल फोटो। सौ. ग्रामीण
HighLights
चढ़त के दौरान बेसुध होकर गिरे, उपचार के दौरान तोड़ा दम।
2012 में सेना में हुए थे भर्ती, 5 नवंबर को छुट्टी लेकर आए थे गांव।
संवाद सूत्र, नागल (सहारनपुर)। चचेरे भाई की शादी में चढ़त के दौरान डीजे पर डांस कर रहे सेना के जवान की मौत हो गई। वह अपने चाचा सेवानिवृत्त सैनिक रणपाल के पुत्र देवकरण की शादी में शामिल होने के लिए पांच नवंबर को छुट्टी लेकर आए थे।
क्षेत्र के गांव पनियाली कासिमपुर निवासी 32 वर्षीय दुष्यंत कुमार पुत्र आजादवीर भारतीय सेना में क्लर्क के पद पर तैनात थे। मंगलवार रात को शादी समारोह के दौरान डीजे पर डांस करते समय दुष्यंत कुमार अचानक बेसुध होकर गिर पड़े। स्वजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट माना जा रहा है।
क्षेत्र के गांव पनियाली कासिमपुर निवासी 32 वर्षीय दुष्यंत कुमार पुत्र आजादवीर सेना की आर्डिनेंस कोर में क्लर्क के पद पर तैनात थे। वह वर्ष 2012 में सेना में भर्ती हुए थे। दुष्यंत चचेरे भाई देवकरण की शादी में शामिल होने पांच नवंबर को छुट्टी लेकर गांव आए थे। नागल कस्बे के एक बैंक्वेट हाल में शादी समारोह के दौरान मंगलवार रात करीब ढाई बजे बारात की चढ़त के दौरान दुष्यंत डीजे पर नाच रहे थे।
इसी बीच अचानक वह जमीन पर गिर पड़े। आनन-फानन में स्वजन दुष्यंत को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही शादी समारोह में अफरातफरी मच गई। जिस घर में कुछ देर पहले तक खुशियों का माहौल था, वहां चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
पिता आजादवीर ने इकलौती संतान को बड़े अरमानों से पढ़ा-लिखाकर सेना में भर्ती कराया था। करीब पांच वर्ष पहले दुष्यंत की शादी हुई थी। अभी उनके यहां कोई संतान नहीं हुई थी। जवान की असमय मौत से बुजुर्ग माता-पिता और पत्नी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार का इकलौता सहारा छिन जाने से गांव में भी शोक की लहर है।
बुधवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद गांव में सैन्य सम्मान के साथ शव का अंतिम संस्कार किया गया, जहां दुष्यंत के चचेरे भाई कोविन ने मुखाग्नि दी। राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि इशांक चौधरी तथा थाना प्रभारी राधेश्याम यादव समेत बड़ी संख्या में लोग अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।