जनता को राशन नहीं, रोजगार चाहिए, सपा है भाजपा की B टीम; सहारनपुर में आकाश आनंद ने BJP, SP और कांग्रेस को घेरा
बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने सहारनपुर में शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार आदि मुद्दों पर सपा, भाजपा ...और पढ़ें

सहारनपुर में जनसभा को संबोधित करते बीएसपी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद। जागरण
HighLights
बोले- सपा व भाजपा सरकारों में जंगलराज देखने को मिला।
पिछले 10 वर्षों के दौरान उप्र अपराध में नंबर वन।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार के मुद्दे पर सपा, भाजपा व कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि सपा व भाजपा सरकारों में खुला जंगलराज देखने को मिला। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस को एक सिक्के के दो पहलू करार देते हुए समाजवादी पार्टी को भाजपा की बी टीम बताया। साथ ही कहा कि जनता को राशन नहीं रोजगार चाहिए।
आकाश आनंद सोमवार को अंबाला रोड स्थित गांव सौराणा के द हैरीटेज ग्राउंड में पार्टी की रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों के दौरान उप्र अपराध में नंबर वन है, जनता पर अत्याचार हो रहा है। 10 वर्ष में नए स्कूल तो खोले ही नहीं गए, उल्टा 25 हजार स्कूलों को बंद कर दिया गया। हमारे समाज को सस्ता राशन देकर खोखला और शिक्षा व रोजगार से वंचित किया जा रहा है। समाज को राशन नहीं, रोजगार चाहिए। प्रदेश में दो करोड़ बेरोजगार हैं।
एआइ के कारण हजारों की नौकरी जा रही है। उन्होंने चीनी, गैस के दाम गिनाने के साथ ही किसानों का भुगतान नहीं करने पर सरकार को घेरा। नारा दिया कि जनता पर महंगाई की मार, जिम्मेदार भाजपा सरकार।
आकाश ने कहा कि कांग्रेस अपने प्रदेशों में हमारे समाज का शोषण कर रही है। वर्तमान में कांग्रेस बाबा साहेब का नाम ले रही, लेकिन 40 वर्षों में कांग्रेस ने उन्हें भारत रत्न तक देने का कार्य नहीं किया। उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि वह किस डायरेक्शन में चल रहे हैं, इसका पता ही नहीं चलता है।
'अबकी बार मायावती सरकार' के नारों से गूंजता रहा पंडाल
बहुजन समाज के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने अपने 53 मिनट के संबोधन में भाजपा, कांग्रेस और सपा को निशाने पर रखा। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भी भरा। उन्होंने शिक्षा, सुरक्षा, रोजगार व महंगाई के मुद्दे पर अन्य राजनैतिक दलों को घेरा।
इसके अलावा बसपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। बहुजन समाज के शोषण व उत्पीड़न के मामलों को उदाहरण देकर बताया। पूरा पंडाल अबकी बार मायावती सरकार के नारों से निरंतर गूंजता रहा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।