विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सहारनपुर में अग्निवीर भर्ती रैली सोमवार से शुरू, 13 जिलों के 25000 से ज्यादा युवा दिखाएंगे दम; देखें पूरा शेड्यूल

Published: Sun, 16 Aug 2026 08:31 PM (GMT+05:30)

सेना भर्ती कार्यालय मेरठ द्वारा सहारनपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में 17 अगस्त से 9 सितंबर तक अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. सहारनपुर में 17 अगस्त से 9 सितंबर तक अग्निवीर रैली।

  2. 13 जिलों के 25,985 अभ्यर्थी ले रहे भाग।

  3. हापुड़ के युवा पहले दिन, बागपत के दूसरे दिन दौड़ेंगे।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) मेरठ की ओर से सोमवार से नौ सितंबर तक जिले के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेड्समैन (8 वीं और 10 वीं पास) श्रेणियों के लिए अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया होगा।

पहले दिन हापुड तहसील के गढमुक्तेश्वर, धौलाना, हापुड के अभ्यर्थी अग्निवीर बनने के लिए दौड़ेंगे। 18 को बागपत जिले के अभ्यर्थी दमखम दिखाएंगे। इस अग्निवीर भर्ती रैली में 25 हजार 985 अभ्यर्थी प्रतिभाग कर रहे है। भर्ती का लेकर युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। रोजाना करीब 1200 अभ्यर्थी ट्रैक पर दौड़ लगाएंगे।

डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में 17 अगस्त से नौ सितंबर तक चलने वाली अग्निवीर भर्ती रैली में 13 जिलों के करीब 25 हजार 985 युवा दमखम दिखाएंगे। इस भर्ती रैली में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, अमरोहा, गौतमबुद्धनगर, हापुड़, गाजियाबाद, बागपत, मेरठ और सहारनपुर के अभ्यर्थी भाग लेंगे।

प्रशासन ने किए विशेष इंतजाम

अधिक संख्या में युवाओं के रेलवे स्टेशन और बस अड्डे और शहर के प्रमुख मार्गों पर भीड बढ़ने की संभावना को लेकर यातायात पुलिस अलर्ट रहेगी। ताकि जाम की समस्या न हो सके। भर्ती रैली को लेकर स्टेडियम परिसर में सेना की गतिविधियां बढ़ गई है।

अभ्यर्थियों को प्रवेश से लेकर दस्तावेजों की जांच और शारीरिक दक्षता परीक्षा तक के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई है। सेना के अधिकारी लगातार तैयारियों का निरीक्षण कर रहे है। भर्ती प्रक्रिया में किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए प्रवेश, जांच और अभ्यर्थियों की आवाजाही पर विशेष ध्यान रखा गया है।

अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश पत्र, पहचान संबंधी दस्तावेज और भर्ती से संबंधित जरूरी कागजात के साथ निर्धारित समय पर पहुंचना होगा। इसके अलावा भर्ती रैली के चलते स्टेडियम रोड को बैरिकेडिंग कर बंद किया जाएगा।

रैली कार्यक्रम-अग्निवीर जनरल ड्यूटी

  • 17 अगस्त-हापुड़ जिला (गढ़मुक्तेश्वर, धौलाना, हापुड़ तहसील)
  • 18 अगस्त-बागपत जिला (बड़ौत, खेकड़ा तहसील)
  • 19 अगस्त-बागपत जिला (बागपत तहसील) बिजनौर जिला (नगीना, चांदपुर तहसील)
  • 20 अगस्त-बिजनौर जिला (नजीबाबाद, बिजनौर, धामपुर तहसील)
  • 21 अगस्त-मुरादाबाद जिला (ठाकुरद्वारा, कांठ, मुरादाबाद, बिलारी तहसील)
  • 22 अगस्त-अमरोहा जिला (अमरोहा, हसनपुर, नौगावां सादात तहसील)
  • 23 अगस्त-अमरोहा जिला (धनौरा तहसील) रामपुर जिला (स्वार, टांडा, बिलासपुर, रामपुर, शाहाबाद, मिलक तहसील)
  • 24 अगस्त-बुलंदशहर जिला (सिकंदराबाद, शिकारपुर तहसील)
  • 25 अगस्त-बुलंदशहर जिला (बुलंदशहर, खुर्जा तहसील)
  • 26 अगस्त-बुलंदशहर जिला (स्याना, डिबाई तहसील)
  • 27 अगस्त-बुलंदशहर जिला (अनूपशहर तहसील)


गाजियाबाद जिला (मोदीनगर, गाजियाबाद, लोनी तहसील)

  • 28 अगस्त-मुजफ्फरनगर जिला (मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना, खतौली तहसील)
  • 29 अगस्त-मुजफ्फरनगर जिला (जानसठ) शामली जिला (कैराना, शामली, ऊन तहसील)
  • 30 अगस्त-गौतम बुद्ध नगर जिला (दादरी, गौतम बुद्ध नगर, जेवर तहसील), मेरठ जिला (मेरठ तहसील)
  • 31 अगस्त-मेरठ जिला (सरधना, मवाना तहसील)
  • एक सितंबर-सहारनपुर जिला (बेहट, सहारनपुर, नकुड़, देवबंद, रामपुर मनिहारान तहसील)


अग्निवीर टीडीएन 8वीं व अग्निवीर टीडीएन 10वीं

  • दो सितंबर : जिला अमरोहा, बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, रामपुर, सहारनपुर, शामली। (अग्निवीर टेक्निकल भर्ती)-जिला अमरोहा, बागपत, गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद
  • तीन सितंबर : (अग्निवीर टेक्निकल भर्ती) बिजनौर, हापुड़, बुलंदशहर, मेरठ
  • चार सितंबर : (अग्निवीर टेक्निकल भर्ती) मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, रामपुर, सहारनपुर, शामली
  • सात सितंबर : बीईजी एंड सेंटर रुड़की में अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी भर्ती-जिला बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर
  • आठ सितंबर : बीईजी एंड सेंटर रुड़की में अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी भर्ती- जिला गौतम बुद्ध नगर, अमरोहा, रामपुर, सहारनपुर, शामली।

यह भी पढ़ें- चोटी काटी, मशीन से काट दिए भौंह के बाल, सहारनपुर में पंडित के साथ हैवानियत से ब्राह्मण संगठनों में आक्रोश