पुलिस भर्ती में तीसरे दिन 859 छोरे हुए पास
पुलिस भर्ती परीक्षा में 859 अभ्यीर्थयों का चयन किया गया। सोमवार को तीसरे दिन खासी भीड़ उमड़ी।
सहारनपुर जेएनएन। पिछले तीन दिन से रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस आरक्षी भर्ती के लिए चल रही दौड़ में तीसरे दिन 952 पुरुष अभ्यर्थियों ने दौड़ में हिस्सा लिया। इनमें 859 पास हुए।
नोडल अधिकारी एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने बताया कि एक हजार पुरुष अभ्यर्थियों को रिजर्व पुलिस लाइन के परेड मैदान पर दौड़ के लिए बुलाया गया था। सुबह 8 बजे शुरू हुई। इसमें कुल 952 अभ्यर्थी मैदान पर दौड़े। जबकि 48 गैर हाजिर रहे। दौड़ लगाने वाले पुरुष अभ्यर्थियों में से 859 ने इसे पास किया है।
रविवार को भी पुरुष अभ्यर्थियों की दौड़ हुई थी। इनमें सहारनपुर के साथ हापुड़, बुलंदशहर, बागपत, मेरठ, मुजफ्फरनगर आदि के अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। इससे पूर्व शनिवार को पुलिस भर्ती के लिए महिला अभ्यर्थियों ने इसी मैदान पर दौड़ लगाते हुए जमकर पसीना बहाया था। आरक्षी भर्ती की व्यवस्था को देख रहे सीओ रजनीश उपाध्याय ने बताया कि 1 जनवरी को शेष बची महिला अभ्यर्थियों की इसी मैदान पर फिर दौड़ होगी।