दिल्ली-यमुनोत्री मार्ग पर बन रहा है बेसमेंट
सहारनपुर:शहर के सुनियोजित विकास के लिए बना प्राधिकरण अवैध बेसमेंट के मामले में चुप्पी साधे हैं। आए दिन धरती को खोद बेसमेंट बनाए जा रहे हैं। यहां तक की राज्य मार्ग को भी बख्शा नहीं जा रहा है।
मंडलायुक्त निवास के बराबर में दिल्ली-यमुनोत्री मार्ग पर बड़े पैमाने पर बेसमेंट का निर्माण तेजी से चल रहा है। इस मामले में पहले मंडलायुक्त स्तर पर शिकायत हुई और काम कुछ दिनों तक रुका रहा, लेकिन बाद में बताया गया कि दो साल पूर्व इस निर्माण कार्य को लेकर नक्शा पास कराया गया था। सवाल उठता है कि पूरे प्लाट पर बेसमेंट का नक्शा किस प्रकार पास कर दिया गया। नियमानुसार बड़े प्लाट पर 40 फीसद क्षेत्र में बेसमेंट बनाया जा सकता है। परंतु यहां पूरा का पूरा प्लाट एरिया बेसमेंट में तब्दील किया जा रहा है। कुछ ऐसा ही हाल शहर के मुख्य बाजारों का भी हो चुका है। दुकानदारों ने भीतर ही भीतर दुकानें खोदकर बेसमेंट बना लिए हैं। ऐसा नहीं कि प्राधिकरण अधिकारियों को इसकी जानकारी न हो, लेकिन न जाने किस कारण ये लोग मौन हैं। इसके अलावा शहर के चारों ओर अवैध निर्माण की बाढ़ सी आ गई है। दिल्ली रोड, देहरादून रोड, अंबाला रोड, बेहट रोड, चिलकाना रोड, जनता रोड आदि मार्गो पर तेजी से अवैध निर्माण चल रहे हैं।