देश को सिर्फ कांग्रेस ही बचा सकती है: संजय
पूर्व पालिकाध्यक्ष शफीक अहमद अंसारी पत्नी चेयरमैन रेशमा परवीन अंसारी व मामी ब्लाक प्रमुख कुबरा अंसारी समेत 21 सभासदों व दर्जनों बीडीसी सदस्यों व हजारों समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया।
जागरण संवाददाता, स्वार : कांग्रेस प्रत्याशी संजय कपूर ने कहा कि देश को सिर्फ कांग्रेस ही बचा सकती है। इसलिए सभी को मिलकर कांग्रेस को मजबूत बनाना है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का साथ देना है।
उन्होने यह बात स्वार में हुई जनसभा में कही। उन्होंने सपा-बसपा गठबंधन के प्रत्याशी द्वारा की गईं ज्यादतियों को गिनाई। यह जनसभा पूर्व पालिकाध्यक्ष शफीक अहमद अंसारी की थी, जिसमें उनकी पत्नी मौजूदा पालिकाध्यक्ष रेशमा परवीन अंसारी व मामी ब्लाक प्रमुख कुबरा अंसारी समेत 21 सभासदों व दर्जनों बीडीसी सदस्यों और उनके समर्थकों ने कांग्रेस का समर्थन करने की घोषणा की। सोमवार को बिलासपुर तिराहा स्थित पूर्व पालिकाध्यक्ष के आवास पर तमाम समर्थक एकत्र हुए। शफीक अंसारी ने कहा कि जिले के पूर्व मंत्री ने उनके साथ ज्यादतियां कीं। उन्होंने सपा का साथ छोड़ दिया था। पूर्व सांसद बेगम नूरबानो ने भी कांग्रेस का साथ देने पर जोर दिया। पूर्व मंत्री नवेद मियां ने पूर्व मंत्री आजम खां व भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा व गठबंधन के प्रत्याशी एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। जनता को हिन्दू-मुस्लिम में लड़ा कर अपना उल्लू सीधा करना चाहते हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलजीत सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अब्दुल सलाम, रामपुर के पूर्व पालिकाध्यक्ष सरदार जावेद अली खां, शाहबाद के पूर्व चेयरमैन पप्पू खां, डा. तनवीर, मुतिउर्रहमान बब्लू आदि मौजूद रहे। पालिकाध्यक्ष रेशमा परवीन अंसारी के साथ 21 सभासदों ने कांग्रेस का समर्थन करने की घोषणा की है।