यातायात जागरूकता को महिलाओं ने निकाली बाइक रैली
परिवहन विभाग की ओर से मनाया जा रहा सड़क सुरक्षा सप्ताह
जागरण संवाददाता, रामपुर : परिवहन विभाग की ओर से मनाए जा रहे सड़क सुरक्षा सप्ताह में पहले दिन महिलाओं द्वारा बाइक रैली निकालकर यातायात जागरूकता का संदेश दिया गया। रैली नैनीताल हाईवे, राधा रोड, शौकत मार्ग, शाहबाद गेट, जौहर मार्ग होते हुए आंबेडकर पार्क पहुंची। यात्री कर अधिकारी अनीता वर्मा के नेतृत्व में निकली रैली में महिला चालकों द्वारा लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया। इससे पहले वाहन डीलर्स के साथ गोष्ठी का आयोजन किया गया। एआरटीओ प्रशासन अरुण कुमार ने बताया कि सभी वाहन डीलर अपने यहां वाहन खरीदने आने वाले ग्राहकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी करेंगे। इसके लिए यातायात नियमों से संबंधित पम्फलेट का वितरण करेंगे। इसके अलावा अपने शोरूम पर यातायात नियमों से संबंधित फ्लेक्सी, बोर्ड इत्यादि भी लगाएंगे। गोष्ठी में आरएन मोटर्स से सरदार निर्मल सिंह, कपूर होंडा से राज कपूर आदि मौजूद रहे। इससे पहले शनिवार सुबह एआरटीओ और यात्री कर अधिकारी ने सेंट मेरी स्कूल पहुंचकर छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी। छात्राओं को बताया कि वे अपने परिवार में वाहनों का प्रयोग करने वालों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जरूर प्रेरित करें। यातायात नियम हमारी सुरक्षा के लिए होते हैं।