विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिलासपुर में आधी रात को दनादन चलीं गोलियां: 2 बदमाशों के पैर में लगी गोली, 3 ने हाथ खड़े कर किया सरेंडर

Published: Wed, 13 May 2026 06:12 PM (IST)

बिलासपुर में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, ...और पढ़ें

मुठभेड़ की घटना में गोली लगने पर बदमाशों को अस्पताल ले जाती पुलिस

मुठभेड़ की घटना में गोली लगने पर बदमाशों को अस्पताल ले जाती पुलिस

संवाद सहयोगी, बिलासपुर (रामपुर)। मंगलवार की देर रात पुलिस और लूट के आरोपित बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में गोली लगने से दो शातिर बदमाश घायल हो गए, जबकि उनके तीन साथियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पकड़े गए सभी आरोपित पिछले दिनों एक फार्म स्वामी के कर्मचारी से हुई लूट की वारदात में शामिल थे। पुलिस ने इनके पास से अवैध हथियार, बाइक और लूटी गई नकदी बरामद की है।

प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि वह मंगलवार देर रात रूद्र-बिलास चौकी प्रभारी योगेश कुमार व अन्य पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान गांव मनिहारखेड़ा रोड पर दो बाइकों पर पांच संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने बाइक मोड़ने का प्रयास किया और पुलिस पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी।

बदमाश फायरिंग करते हुए जंगल की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की ओर से चलाई गई गोलियां दो बदमाशों के पैर में लगीं, जिससे वे वहीं गिर पड़े। घायल बदमाशों की पहचान जसपाल उर्फ जस्सा निवासी ग्राम कोटा अलीनगर और मंदीप सिंह निवासी गोकुलनगरी के रूप में हुई है।

अपने साथियों को घायल देख बाकी तीन बदमाशों हर्षदीप सिंह, अमृत सिंह गज्जु निवासी गांव कोटा अलीनगर और जगप्रीत सिंह उर्फ जग्गा निवासी गांव गोकुलनगरी ने तुरंत हथियार डाल दिए और आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए बदमाशों के कब्जे से काफी सामान बरामद किया है, जिसमें दो बाइकें, दो अवैध तमंचे, पांच जिंदा कारतूस, दो खोखे, तीन धारदार चाकू, चार मोबाइल फोन, 15,000 की नगदी आदि सामान शामिल है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल बदमाशों को तत्काल नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।

वहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। इस घटना का राजफाश करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी दीपक कुमार, उप निरीक्षक टीकाराम चौहान, केशु शर्मा, आकिल हुसैन और आशीष राणा समेत आदि पुलिस कर्मी शामिल रहे।

पांचों आरोपित इस लूट कांड में थे शामिल

प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि पकड़े गए पांचों आरोपित दिनदहाड़े किसान के नौकर के साथ की गई लूट की घटना में शामिल थें। घटना का राजफाश करते हुए उन्होंने बताया कि क्षेत्र गांव डिबडिबा निवासी किसान दलजीत सिंह ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर सौंपी थी। उनका कहना था कि उनके फार्म हाउस पर कमल सैनी नौकरी करता है।

बीते सप्ताह 6 मई बुधवार की शाम उनका नौकर पैसे लेकर घर जा रहा था। इसी बीच रास्ते में बदमाशों ने उसे पता पूछने के बहाने रोक लिया था और झपट्टा मारकर उसके हाथ से बैग छीन ले गए थे। बैग में करीब 45 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन रखे हुए थे। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

साथ ही पुलिस ने घटना के राजफाश हेतु एक टीम का भी गठन किया था। विवेचना के दौरान पुलिस के सामने पांच बदमाशों के नाम प्रकाश में आए। इसके बाद पुलिस और एसओजी की टीम ने संयुक्त अभियान चलाया और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए इन्हें दबोच लिया। बताया कि लूटे गए रुपयों में पन्द्रह हजार और दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- आजम खान को राहत! रामपुर की स्पेशल कोर्ट ने शत्रु संपत्ति केस में दी जमानत, लेकिन जेल से नहीं आएंगे बाहर