रामपुर में अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत
रामपुर जेएनएन। जिले में अलग-अलग हुए सड़क हादसों ने दो लोगों की जान ले ली। दोनों की मौत से उ
रामपुर, जेएनएन। जिले में अलग-अलग हुए सड़क हादसों ने दो लोगों की जान ले ली। दोनों की मौत से उनके परिवार में चीख पुकार मच गई। इनमें एक युवक मुंबई में नौकरी करता था और अपने घर लौट रहा था। बस से उतरने के बाद सड़क पार करते समय उसे किसी वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बिलासपुर : बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला डाम कालोनी निवासी चोखे लाल कश्यप का 26 वर्षीय पुत्र मुकेश कश्यप प्लाइवुड फैक्ट्री में काम करता था। रविवार शाम चार बजे फैक्ट्री से काम करके घर जा रहा था। जैसे ही वह नैनीताल हाइवे पर धनौरा मोड़ पर पहुंचा तो सामने से आ रहे किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह घायल हो गया। कुछ देर में वहां लोग आ गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरा हादसा सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र का है। शहर के मुहल्ला पक्का बाग निवासी शेर अली के बेटे फरहान मुंबई में काम करते थे। वह शनिवार को रामपुर लौट रहे थे। दिल्ली से वह बस से रामपुर तक आ गए। आधी रात के समय बस से उतरकर वह हाईवे पार कर रहे थे कि तभी किसी वाहन ने उन्हें रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पुलिस आ गई। शव को जिला अस्पताल मोर्चरी में भिजवाया। जानकारी पर स्वजन भी वहां आ गए। शव देख चीख पुकार मच गई। सिविल लाइंस कोतवाल दुर्गा सिंह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।