वाहन की टक्कर से स्कूटर सवार कांग्रेस के दो नेताओं की मौत
कांग्रेस सेवादल के पूर्व जिलाध्यक्ष सरदार गुरु चरण सिंह और युवा कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष विनोद माहेश्वरी शनिवार रात एक शादी समारोह में गए थे। रात करीब 10 बजे दोनों स्कूटर से घर आ रहे थे।
रामपुर जेएनएन। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर किसी वाहन की टक्कर से स्कूटर सवार कांग्रेस के दो नेताओं की मौत हो गई। दोनों एक शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। घटना मिलक कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात हुई।
कांग्रेस सेवादल के पूर्व जिलाध्यक्ष सरदार गुरु चरण सिंह और युवा कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष विनोद माहेश्वरी शनिवार रात एक शादी समारोह में गए थे। रात करीब 10 बजे दोनों स्कूटर से घर आ रहे थे। रास्ते में हेरिटेज चिल्ड्रन अकादमी के पास किसी वाहन ने स्कूटर में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोग जमा हो गए। लेकिन, इनके पहुंचने से पहले ही टक्कर मारने वाला चालक वाहन लेकर भाग चुका था। लोगों ने दोनों घायलों को नगर के सरकारी अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टर ने विनोद माहेश्वरी को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे गुरु चरण सिंह की हालत गंभीर देख उन्हें रेफर कर दिया। उनके स्वजन उन्हें बरेली ले गए। रविवार सुबह इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। एक साथ कांग्रेस के दो नेताओं की मौत से स्थानीय कांग्रेसियों में शोक की लहर दौड़ गई। पूर्व सांसद बेगम नूरबानो, पूर्व विधायक संजय कपूर, जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र देव गुप्ता, शहर अध्यक्ष मामून शाह खां, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष नोमान खां, अकरम सुल्तान, रमेश कुमार, जिवेंद्र गंगवार आदि ने शोक जताया। पूर्व सांसद बेगम नूरबानो ने कहा दोनों पार्टी के वफादार सिपाही रहे। इस दुख की घड़ी में पूरी पार्टी इनके परिवार के साथ है।