Move to Jagran APP

देश के सबसे बड़े सद्भाव मंडप की रखी आधारशिला

जेएनएन रामपुर केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि रामपुर में देश के सबसे बड़े सद्भाव मंडप का निर्माण हो रहा है।

By JagranEdited By: Published: Tue, 30 Jun 2020 12:20 AM (IST)Updated: Tue, 30 Jun 2020 12:20 AM (IST)
देश के सबसे बड़े सद्भाव मंडप की रखी आधारशिला
देश के सबसे बड़े सद्भाव मंडप की रखी आधारशिला

जेएनएन, रामपुर: केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि रामपुर में देश का सबसे बड़ा सद्भाव मंडप बन रहा है। इससे रामपुरी चाकू समेत स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। मैंथा की टेस्टिग लैब भी बनेगी। केंद्र सरकार अल्पसंख्यकों के विकास पर पूरा ध्यान दे रही है। पिछले तीन साल में उत्तर प्रदेश में तीन हजार करोड़ रुपये अल्पसंख्यकों के कल्याण पर खर्च किए जा चुके हैं। रामपुर में भी चार सौ करोड़ के काम हुए हैं।

loksabha election banner

केंद्रीय मंत्री ने सोमवार को पनवडि़या के नुमाइश ग्राउंड में प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत सांस्कृतिक सद्भाव मंडप का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह मंडप चार मंजिला होगा, जिसमें आडिटोरियम, प्रशिक्षण केंद्र, संगीत केंद्र, म्यूजिकल स्कूल, दस्तकारी उद्योग, वायलिन, चाकू, पतंग, कृषि उत्पाद तथा जरी वर्क के प्रशिक्षण, प्रदर्शन एवं विक्रय का प्राविधान किया गया है। इस मंडप के जरिये कौशल विकास की ट्रेनिग दी जाएगी, जिससे रामपुर के दस्तकारों के हुनर को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत देशभर में अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए बहुत काम कराया है। उत्तर प्रदेश में ही पिछले तीन वर्षों में तीन हजार करोड़ रूपये की लागत से 1,84,980 विकास परियोजनाओं का निर्माण हुआ है। जिनमें 282 अतिरिक्त क्लास रूम, 707 आंगनवाड़ी केंद्र, 25 कॉमन सर्विस सेंटर, 31 बहुउद्देशीय सद्भाव मंडप, 1,73,143 साइबर ग्राम, 3865 पेयजल परियोजनाएं, 27 स्वास्थ्य परियोजनाएं शामिल हैं। इनमें एक यूनानी, चार होम्योपैथी, तीन आयुर्वेद अस्पताल हैं। 20 डिग्री कॉलेज, 15 हॉस्टल, 39 आइटीआई, 4 चार पॉलिटेक्निक, 226 कौशल विकास केंद्र, 340 स्कूल भवन, 666 शौचालय आदि का निर्माण कराया गया है। रामपुर में चार सौ करोड़ रूपये की लागत से 13276 विभिन्न विकास परियोजनाओं का निर्माण कराया गया है, जिनमें दो कंप्यूटर लेबोरेटरी, दो सद्भाव मंडप, छह कॉमन सर्विस सेंटर, 12,974 साइबर ग्राम, 49 पेयजल सुविधाएं (पानी की टंकी सहित), एक डिग्री कॉलेज, एक ग‌र्ल्स हॉस्टल, 119 स्कूल भवन मुख्य रूप से शामिल हैं।

नकवी ने कहा कि अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की उस्ताद, गरीब नवाज स्वरोजगार योजना, सीखो और कमाओ, नई मंजिल आदि रोजगारपरक कौशल विकास योजनाओं के माध्यम से पिछले छह वर्षों में 10 लाख से ज्यादा अल्पसंख्यकों को रोजगार के मौके उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें 50 प्रतिशत से अधिक लड़कियां शामिल हैं। इस मौके पर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण एवं नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि रामपुर में जो सद्भाव मंडप बन रहा है, इससे आसपास के तमाम लोगों को फायदा होगा। यह मल्टी परपज मंडप है। मंडप के लिए पहली किस्त भी मिल चुकी है। शीघ्र ही निर्माण शुरू हो जाएगा।

जलशक्ति राज्य मंत्री बल्देव औलख ने कहा कि नकवी जी ने रामपुर में सद्भाव मंडप की मंजूरी दिलाकर ऐतिहासिक काम किया है। इस मौके पर विधायक राजबाला, उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह, जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मुहम्मद खालिद, कार्यदायी संस्था राष्ट्रीय निर्माण सहकारी संघ के प्रबंध निदेशक मनोज सेवाल आदि मौजूद रहे।

मैंथा टेस्टिग लैब पर खर्च अलग से

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मुहम्मद खालिद ने बताया कि सद्भाव मंडप के लिए सौ करोड़ का प्रस्ताव तैयार हुआ था लेकिन, तकनीकी स्वीकृति 92 करोड़ को मिली है। कितु मैंथा टेस्टिग लैब पर अलग से खर्च होगा।

पप्पू के चोचले और परिवार के घोसले में सिमटी कांग्रेस: नकवी

केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि पप्पू के चोचले और परिवार के घोसले में सिमटी कांग्रेस हड़बड़ी में गड़बड़ी का रिकॉर्ड बना रही है।

उन्होंने सद्भाव मंडप का शिलान्यस करने के बाद मीडिया से बात की। कहा कि कांग्रेस की स्थिति अधजल गगरी-छलकत जाय की हो गई है। ज्ञान किसी चीज का नहीं है लेकिन, अपने को महाज्ञानी समझने वाले कांग्रेस नेता हर मुद्दे पर खुद को साबित करने की कोशिश में हर दिन अपनी पार्टी का ही बंटाधार कर रहे हैं। अब भी ये नेता सामंती सुरूर- सत्ता के गुरूर में चकनाचूर हैं। आज भी सरकार को निर्देश-आदेश देते हैं कि राष्ट्रीय सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, गरीबों के कल्याण, किसानों के हित में उनकी सोच-समझ के हिसाब से काम किया जाए। वे आज भी यह समझ नहीं पा रहे हैं कि वह सरकार नहीं है, जिसे रिमोट से चलाते थे। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार है जो देश के सम्मान-सुरक्षा एवं गरीबों की समृद्धि के लिए मजबूती से काम कर रही है। मोदी सरकार समावेशी-सर्वस्पर्शी विकास के संकल्प से सराबोर सरकार है।

उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी की चुनौतियों से लड़ने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिस दूरदर्शिता के साथ काम किया है, उसकी तारीफ दुनिया भर में हो रही है। आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत 20 लाख करोड़ के पैकेज की घोषणा ऐतिहासिक है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.