नैनीताल रोड पर तीन घंटे लगा जाम
बिलासपुर : शनिवार की साप्ताहिक पैठ के चलते नैनीताल रोड पर लगभग तीन घंटे तक जाम लगा रह
बिलासपुर : शनिवार की साप्ताहिक पैठ के चलते नैनीताल रोड पर लगभग तीन घंटे तक जाम लगा रहा। जाम में फंसे यात्रियों समेत वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
नगर में रोजमर्रा लगने वाले जाम से नगरवासी बेहद परेशान हैं। प्रशासन इस समस्या के प्रति कतई गंभीर नहीं है। शनिवार को साप्ताहिक पैठ के चलते नैनीताल रोड पर वाहनों का दवाब अधिक था, जिसके चलते सवेरे से ही जाम की स्थिति बनी रही। दोपहर लगभग एक बजे नैनीताल हाईवे पर जाम लग गया। देखते ही देखते हाईवे पर वाहनों की तीन-तीन कतारें लग गईं। जाम में बाइक सवार तो क्या पैदल यात्रियों का निकलना दूभर हो गया। नगर के रामपुर-नैनीताल हाईवे, माटखेड़ा मार्ग, सिनेमा मार्ग, पुरानी तहसील मार्ग, कैनाल मार्ग, पोस्ट आसिफ मार्ग, केमरी तिराहा समेत अन्य मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस को जाम खुलवाने में मशक्कत का सामना करना पड़ा। पुलिस ने वनवे ट्रैफिक व्यवस्था कर वाहनों को गुजारा। इससे पहले नैनीताल हाईवे पर करीब तीन घंटे से अधिक समय तक जाम लगने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सायंकाल तक वाहनों का रेंग-रेंगकर गुजरने का क्रम जारी था। नगरवासियों का कहना है कि प्रत्येक शनिवार को नगर में जाम लगता है। बावजूद इसके भी पालिका समेत प्रशासन द्वारा समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं किया जा रहा है।