तीन कैंप खाली, मजदूर हुए घरों को रवाना
नगर में प्रशासन द्वारा बनाए गए तीन कैंप खाली हो गए हैं।
रामपुर, जेएनएन। बिलासपुर में नगर में प्रशासन द्वारा बनाए गए तीन कैंप खाली हो गए हैं। यहां पांच सौ मजदूर रूके थे, लेकिन वे अब अपने-अपने घरों को रवाना हो गए हैं। उपजिलाधिकारी डॉक्टर राजेश कुमार के अनुसार जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह के आदेश पर नगर में बाहर से आने वाले लोगों के लिए तीन क्वारंटाइन सेंटर बनाए गए हैं। मुहल्ला सोमवार की बाजार स्थित हरियाणा अग्रवाल धर्मशाला, माटखेड़ा मार्ग स्थित उत्सव गार्डन तथा रामपुर मार्ग स्थित होटल अमरदीप को कैंप बनाया था। कैंप में गुजरात, हरियाणा, मुंबई, दिल्ली, केरल, हिमांचल प्रदेश आदि अन्य शहरों से आने वाले तकरीबन पांच सौ मजदूरों को क्वारंटाइन किया गया था। कैंप में लोगों को उन्हें सुबह का नाश्ता, दोपहर तथा रात का खाना दिया जाता था। इसके पश्चात सभी मजदूरों की डॉक्टरों की टीम द्वारा थर्मल स्कैनिग तथा जांच के बाद उन्हें उनके घर भेज दिया था। वहीं दूसरी ओर एसडीएम ने बताया कि उक्त तीनों कैंप खाली हैं। पालिका कर्मचारियों द्वारा साफ-सफाई के बाद सैनिटाइज कराया है।