महिला सफाई कर्मी से मारपीट और छेड़छाड़ में तीन भाइयों पर मुकदमा
रामपुर गांव में सफाई करने आई महिला कर्मचारी से मारपीट और छेड़छाड़ के आरोप में
रामपुर : गांव में सफाई करने आई महिला कर्मचारी से मारपीट और छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने तीन भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा अदालत के आदेश पर हुआ है, जिसमें धमकाने और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का भी आरोप है। मुकदमे की जांच सीओ सिटी विद्या किशोर करेंगे।
पीड़िता सफाई कर्मचारी है और सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। अगस्त माह पहले उसकी ड्यूटी फैजुल्लानगर गांव में सफाई कार्य के लिए लगी थी। महिला का आरोप है कि पहली अक्टूबर को सुबह 11 बजे वह गांव में सफाई कार्य कर रही थी। आरोपितों के घर के सामने पहुंची तो वहां कूड़ेदान में गोबर भरा था। उसे देखते ही आरोपितों ने गोबर ड्रमों से खाली न करने को लेकर हड़काना शुरू कर दिया। सफाई कर्मी ने कहा कि यह कूड़ा डालने के लिए है। इसमें गोबर न डाला करें। इसी बात से नाराज होकर आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की। जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। उसके कपड़े फाड़ दिए। कोई कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी। उसने घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी। एसपी को भी प्रार्थना पत्र भेजा लेकिन, पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। मजबूरन महिला को अदालत में प्रार्थना पत्र देना पड़ा। अदालत ने प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के बाद पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दे दिए। सिविल लाइंस कोतवाल दुर्गा सिंह ने बताया कि अदालत के आदेश पर फैजुल्लानगर गांव के तीन भाइयों वसीम, सलीम और बिलाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।