टेंपो चालक ने पत्नी को गला दबाकर मार डाला
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र की घटना परिजनों ने लगाया दहेज के लिए हत्या का आरोप छह माह पहले हुआ था निकाह
जागरण संवाददाता, रामपुर : सिविल लाइंस क्षेत्र में टेंपो चालक ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में फरार हो गया। मृतका के परिजनों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। घटना बंद पड़ी रजा टैक्सटाइल कालोनी की है। यहां रहने वाले गुलरेज का निकाह शहर के मुहल्ला खटकान की सुरैया के साथ हुआ था।
लॉकडाउन के चलते वह बेरोजगार था और घर पर ही रह रहा था। माना जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात पर गुरुवार शाम को विवाद हो गया। पति ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया। पड़ोस की एक महिला किसी काम से उनके घर गई तो महिला का शव पड़ा देख उसने शोर मचा दिया। लोगों की भीड़ लग गई।
सूचना पर सिविल लाइंस कोतवाल बिजेंद्र सिंह और ज्वालानगर चौकी इंचार्ज ओम शुक्ला भी पहुंच गए। उच्च अधिकारियों को भी घटना से अवगत कराया। जानकारी मिलने पर मृतका के परिजन भी आ गए। उन्होंने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया।
ज्वालानगर चौकी प्रभारी ने बताया कि परिजनों से तहरीर मांगी है। तहरीर के मुताबिक ही कार्रवाई की जाएगी। जांच से पता चला है कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई है। पति फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। पति के पकड़ में आने पर ही मौत की सही वजह पता चल सकेगी।