रामपुर-स्वार मार्ग पर दर्दनाक हादसा: डंपर की टक्कर से 6 फीट गहरी खंदक में गिरी बाइक, बच्चों के सामने मां की मौत
स्वार-रामपुर मार्ग पर एक दर्दनाक हादसे में शादी से लौट रही महिला फूल जहां की डंपर की चपेट में आने ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
शादी समारोह से पति और बच्चों के साथ घर लौट रही थी फूलजहां
हादसे में बाइक पर बैठे मृतका के पति और तीन बच्चे भी हुए घायल
संवाद सहयोगी, स्वार (रामपुर)। शादी समारोह से पति और बच्चों के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रही महिला तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने के बाद सड़क किनारे पानी से भरी खंदक में जा गिरी। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन बच्चे भी घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
वहीं बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। स्वजन पुलिस कार्रवाई नहीं चाहते थे, जिसके चलते शव को घर ले जाकर सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
गांव रसूलपुर फरीदपुर निवासी जलीस अहमद गुरुवार को अपनी 40 वर्षीय पत्नी फूल जहां, 13 वर्षीय बेटी उजेफा, 10 वर्षीय इंशा और आठ वर्षीय बेटे शान को बाइक पर बैठाकर स्वार में अपनी रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में गया था।
रात में शादी समारोह संपन्न होने के बाद वह पत्नी और बच्चों के साथ बाइक से अपने गांव वापस लौट रहा था। रात करीब 11:40 बजे जलीस अहमद की बाइक स्वार-रामपुर मार्ग पर देव भूमि रेस्टोरेंट के पास पहुंची।
इसी दौरान रामपुर की ओर से तेज गति से आ रहा खाली डंपर बाइक के पास से गुजरा। डंपर की चपेट में आने से बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक सवार फूल जहां बाइक से उछलकर सड़क किनारे खंदक में जा गिरी।
लगभग छह-सात फीट गहरे खंदक में बारिश का पानी भरा हुआ था। पानी में गिरने के बाद महिला उसमें डूब गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चालक डंपर को लेकर मौके से फरार हो गया।
राहगीरों और पुलिस की मदद से हादसे में घायल जलीस अहमद तथा उसके तीनों बच्चों को सीएचसी स्वार पहुंचाया गया। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन शव को अपने साथ घर ले गए। बताया जा रहा है कि स्वजन पुलिस कार्रवाई नहीं चाहते थे। इसके बाद उन्होंने शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
कोतवाल अनुपम शर्मा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया था। महिला को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया था।
कार्रवाई के लिए स्वजन से कहा गया था, लेकिन उन्होंने कार्रवाई नहीं करने की बात कहते हुए शव घर ले जाने की बात कही। वहीं, हादसे के बाद सड़क पर लोगों ने हंगामा खड़ा कर दिया।
डंपर को पकड़ने को लेकर पुलिस से हुई बहस करीब डेढ़ घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। रात होने के कारण मार्ग पर वाहनों की संख्या काफी थी, इसके बावजूद हादसे के कारण यातायात प्रभावित रहा।
यह भी पढ़ें- पूरब से पश्चिम पहुंचा कातिल वायरस: रामपुर में जापानी बुखार का खौफ, 7 साल में 4 की मौत!
