विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्रेन पर पथराव: सियालदाह एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी करने वाले मुरादाबाद के 2 युवक गिरफ्तार, यात्री हुआ था घायल

Published: Mon, 20 Jul 2026 03:47 PM (IST)

सियालदाह एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी के आरोप में मुरादाबाद के दो युवक गिरफ्तार किए गए हैं। इस घटना में एक यात्री ...और पढ़ें

जीआरपी की गिरफ्त में ट्रेन पर पत्थर फेंकने के आरोपित। जागरण

जीआरपी की गिरफ्त में ट्रेन पर पत्थर फेंकने के आरोपित। जागरण

जागरण संवाददाता, रामपुर। सियालदाह एक्सप्रेस ट्रेन पर शनिवार को कुछ युवकों ने पथराव कर दिया। घटना ट्रेन के मुरादाबाद से निकलने के बाद दलतपुर और मूंढापांडे स्टेशन के बीच हुई। पथराव में दो कोच के शीशे टूट गए। तीसरे कोच में एक यात्री को पत्थर लगा, जिससे वह घायल हो गए। घायल यात्री द्वारा कंट्रोल रूम को सूचना दी। जीआरपी को मैसेज मिलने तक ट्रेन रामपुर स्टेशन से निकल गई।

इस पर बरेली पहुंचने पर ट्रेन को जीआरपी और आरपीएफ घायल यात्री का उपचार कराया। कोच में बैठे यात्रियों के बयान लिए। कार्रवाई के लिए रिपोर्ट जीआरपी रामपुर को दी गई। जीआरपी ने प्राथमिकी दर्ज कर रविवार को अपराह्न एक बजे मूंढापांडे के पास ग्राम दौलरा अंडरपास के पास रेलवे ट्रैक से दोनों आरोपितों को पकड़ लिया है। दोनों 19 से 20 साल के हैं।

जम्मूतवी से कोलकाता जाने वाली सियालदाह एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 13152 शनिवार को मुरादाबाद स्टेशन से निकली। सुबह करीब 10 बजे दलपतपुर और मूंढापांडे के बीच कुछ युवकों ने ट्रेन पर पथराव कर दिया। पत्थर कोच संख्या एस-तीन और बी-दो की खिड़कियों पर लगे। इससे उनके शीशे टूट गए।

कोच संख्या एस छह की सीट नंबर 41 पर अनमोल गुप्ता यात्रा कर रहे थे। एक पत्थर उनकी बायीं आंख की भौंह के ऊपर लगा। उन्होंने मोबाइल से रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी। पथराव की सूचना पर हड़कंप मच गया। मैसेज रामपुर स्टेशन को भेजा गया, लेकिन तब तक ट्रेन यहां से निकल चुकी थी। ट्रेन को बरेली में अटैंड किया गया।

रेलवे के चिकित्सक ने घायल यात्री का उपचार किया। घायल अनमोल गुप्ता ने रेलवे पुलिस को बताया कि वह जम्मूतवी से बाराबंकी के लिए यात्रा कर रहे थे। मुरादाबाद स्टेशन से ट्रेन निकलने के कुछ देर बाद उत्तर दिशा से पत्थर आकर लगा। किसी को पत्थर मारते नहीं देख सके।

कोच बी-दो की सीट संख्या 39 पर जम्मूतवी से कोलकाता तक यात्रा कर रहे राजेंद्र कुंडू ने पुलिस को बताया कि दलतपुर व मूंडापांडे के बीच कुछ लड़के खड़े थे, जिनके द्वारा पत्थर फेंके गए। पत्थर बर्थ नंबर 39 के शीशे पर लगा। कोच संख्या एस-तीन के यात्रियों ने भी कुछ लड़कों द्वारा पत्थर फेंके जाने की जानकारी दी। शीशा बंद होने से पत्थर किसी यात्री के नहीं लगा।

यात्रियों से ली सारी जानकारी को बरेली रेलवे पुलिस ने रामपुर जीआरपी को भेज दिया। यहां जीआरपी पुलिस ने अज्ञात में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। 24 घंटे बाद ट्रेन पर पथराव करने के आरोप में दो युवकों को पकड़ लिया।

जीआरपी थाना प्रभारी ईश्वर चंद ने बताया कि दोनों युवक मुरादाबाद के थाना मूंढापांडे के ग्राम गोवर्धनपुर के रहने वाले हैं। इनमें 20 साल का अनस और 19 साल का समीर है। दोनों को रविवार को रेलवे ट्रैक से गिरफ्तार किया गया है।

यह भी पढ़ें- 'खाकी' का ऐसा रूप! रामपुर से बदायूं ट्रांसफर हुआ, लेकिन मिट्टी के बर्तन बेचने वाली गुनगुन से किया वादा नहीं भूले इंस्पेक्टर हरेंद्र

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।