भाजपा की प्राथमिकता में गांव का विकास : जयाप्रदा
भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी जयाप्रदा ने बुधवार को चमरौआ विधानसभा के ग्र्राम लालू नगला में आयोजित भाजपा विजय संकल्प कार्यक्रम को संबोधित किया।
रामपुर : भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी जयाप्रदा ने बुधवार को चमरौआ विधानसभा के ग्राम लालू नगला में आयोजित भाजपा विजय संकल्प कार्यक्रम को संबोधित किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि यह देश का चुनाव है और देश की जनता आज फिर दोबारा से मोदी जी को देश का नेतृत्व सौंपना चाहती है। मोदी जी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास हुआ है। प्रधानमंत्री किसानों के जीवन से भलीभांति परिचित हैं। दूसरी ओर गठबंधन का प्रत्याशी है, जो शहर में ही कार्य कराते हैं। गांव के लोगो के काम में उन्हें रुचि नहीं है। विधानसभा क्षेत्र संयोजक पंकज लोधी, मोहन लोधी ने कहा कि बहन जयाप्रदा पहले से ही विकास कार्य कराने के लिए पहचानी जाती हैं। उनकी जीत और मोदी जी के दोबारा से प्रधानमंत्री बनने के बाद क्षेत्र में विकास तेजी के साथ होगा। रैली में बांसनगली, पहाड़ी, रहसेना, पीपल गांव, मोमिनपुर, कोयला आदि गांव के काफी संख्या में लोग शामिल हुए। इस मौके पर पंकज लोधी, संजय पाठक, डॉ.गंगासहाय प्रजापति, पातीराम, केशव यादव, मनीश लोधी रहे। उधर विश्व हिन्दू महासंघ के कार्यालय पर हुए कार्यक्रम में राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य दलवारा सिंह को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष मोहन लाल सैनी, संजय गुप्ता, वीर सिंह राठौर, संतोष सिंह चौहान, धर्मपाल सिंह तोमर, आलोक कुमार, आरवी सिंह आदि मौजूद रहे।