विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राणा शुगर मिल को मिला 65 लाख क्विंटल पेराई का लक्ष्य, रामपुर-मुरादाबाद समेत छह जिलों में बनाए 43 क्रय केंद्र

Published: Wed, 11 Nov 2026 07:59 PM (IST)

शाहबाद स्थित राणा शुगर मिल में नए पेराई सत्र का शुभारंभ हो रहा है, जिसमें 65 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. राणा शुगर मिल में 65 लाख क्विंटल पेराई का लक्ष्य।

  2. छह जिलों में कुल 43 गन्ना क्रय केंद्र स्थापित।

  3. किसानों को समय पर गन्ना भुगतान का आश्वासन।

जागरण संवाददाता, रामपुर। शाहबाद क्षेत्र के करीमगंज स्थित राणा शुगर मिल में गुरुवार से नए पेराई सत्र का शुभारंभ होगा। सुबह नौ बजे मिल परिसर में पूजन किया जाएगा। इस बार मिल ने 65 लाख कुंतल गन्ने की पेराई का लक्ष्य रखा है। किसानों के लिए 50 हजार क्विंटल के इंडेंट जारी किए गए हैं।

मिल के उपाध्यक्ष अमर शर्मा ने बताया कि गन्ना खरीद के लिए छह जिलों रामपुर, मुरादाबाद, संभल, बदायूं, बरेली और अमरोहा में कुल 43 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। मिल प्रबंधन ने पेराई सत्र की तैयारियां पूरी कर ली हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले पेराई सत्र में मिल 10 नवंबर को शुरू हुई थी और दो फरवरी को बंद हुई थी। 85 दिन के सत्र में कुल 41 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई हुई थी। इस दौरान प्रतिदिन औसतन करीब 48 हजार क्विंटल गन्ना पेरा गया था। पिछले साल मिल ने 60 लाख क्विंटल पेराई का लक्ष्य रखा था, जबकि इस बार इसे बढ़ाकर 65 लाख क्विंटल कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि पिछले सत्र में किसानों को गन्ने का शत-प्रतिशत भुगतान कर दिया गया है। इस बार भी भुगतान को लेकर किसानों को परेशानी नहीं होगी। मिल प्रबंधन समय से भुगतान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

गन्ना समिति के चेयरमैन विवेक पांडेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार गन्ना किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।किसानों को समयबद्ध गन्ना आपूर्ति और शीघ्र भुगतान कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि गन्ना किसानों के लिए उचित एवं लाभकारी मूल्य की घोषणा जल्द ही मुख्यमंत्री करेंगे। स्थानीय गन्ना किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

जिला पंचायत सदस्य के पूर्व सदस्य हरज्ञान सिंह यादव ने बताया कि गन्ने का उत्पादन और अच्छा हो सकता है। इसके लिए मिल की और से बंदरों की समस्या से निजात दिलाई जाए। गन्ना किसान बबलू चौधरी ने कहा कि भुगतान लगभग सही है लेकिन किसानों को सबसे अधिक परेशानी बिचौलियों की वजह से होती है उनकी वजह से क्षेत्रीय किसानों को समस्या होती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।